Bihar News: टिकट काउंटर में निकला विशाल अजगर, स्टेशन पर मची अफरा-तफरी

Bihar News: रेलवे स्टेशन पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब टिकट काउंटर के कमरे में एक विशाल अजगर दिखाई दिया।...

 Python Sparks Panic
टिकट काउंटर में निकला विशाल अजगर- फोटो : reporter

Bihar News:  पश्चिम चंपारण जिले के हरिनगर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार की देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब टिकट काउंटर के कमरे में एक विशाल अजगर दिखाई दिया। रात करीब 11 बजे टिकट लेने पहुंचे यात्रियों की नजर जैसे ही अजगर पर पड़ी, वहां दहशत फैल गई। लोग आनन-फानन में टिकट काउंटर से दूर हट गए और स्टेशन परिसर में भी हलचल मच गई।

अजगर के निकलने की खबर मिलते ही स्टेशन मास्टर राजकुमार उरांव मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल वार्ड पार्षद और वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम प्रशिक्षित कर्मियों के साथ हरिनगर रेलवे स्टेशन पहुंची और अजगर को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू टीम ने काफी एहतियात बरतते हुए अजगर को काबू में किया और सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे बोरे में रखा गया और प्राकृतिक आवास यानी जंगल में छोड़ने के लिए ले जाया गया। अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू होने के बाद रेलवे यात्रियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।

रामनगर रेंजर विजय कुमार प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया था। उन्होंने लोगों से अपील की कि बरसात के मौसम में वन्यजीव अक्सर पानी और सुरक्षित ठिकाने की तलाश में आबादी वाले इलाकों में पहुंच जाते हैं। ऐसे में किसी वन्यजीव को देखकर घबराने या उसके साथ छेड़छाड़ करने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।

रिपोर्ट- आशीष कुमार