Bihar News: भापसा नाला में मगरमच्छ का खौफ, खेत से लौट रहे किसान को खींचकर गहरे पानी में ले गया, विरोध में ग्रामीणों का हाईवे पर प्रदर्शन
Bihar News: बगहा के नौरंगिया थाना क्षेत्र के भुलटोला सिरिसिया गांव में रविवार की शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई है।
Bihar News: बगहा के नौरंगिया थाना क्षेत्र के भुलटोला सिरिसिया गांव में रविवार की शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। धान की सोहनी कर घर लौट रहे 45 वर्षीय किसान केदार बैठा पर भापसा नाला पार करते समय एक खूंखार मगरमच्छ ने हमला कर दिया। हमला इतना अचानक और जोरदार था कि किसान को बचने का मौका ही नहीं मिला और मगरमच्छ उन्हें खींचकर गहरे पानी में ले गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, केदार बैठा अपने साथियों के साथ खेत से लौट रहे थे। बेलहवा–सिरिसिया कच्ची सड़क के पास भापसा नाला पार करते समय घात लगाए बैठे मगरमच्छ ने उन पर झपट्टा मारा। साथ मौजूद साथियों ने शोर मचाया और बचाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते किसान पानी में ओझल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही नौरंगिया थाना पुलिस और मदनपुर वन प्रक्षेत्र की टीम मौके पर पहुंच गई। नाव की मदद से नाले में किसान की तलाश के लिए गहन अभियान चलाया जा रहा है।इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर मदनपुर वाल्मीकिनगर स्टेट हाईवे को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से निम्नलिखित मांगें रखी हैं:
पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा मिले।खूंखार मगरमच्छ को नाले से पकड़कर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।वन क्षेत्र से सटे गांवों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।नौरंगिया थानाध्यक्ष राज रोशन के आश्वासन और समझाइश के बाद जाम को हटाया गया। वन क्षेत्र पदाधिकारी नसीम अहमद अंसारी ने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार खोजबीन कर रही है।केदार बैठा की इस दर्दनाक मौत से उनके परिवार में कोहराम मचा है और पूरे सिरिसिया गांव में मातम पसरा हुआ है। इस घटना ने एक बार फिर वन क्षेत्र से सटे गांवों में बढ़ते मानव–वन्यजीव संघर्ष को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस सुरक्षा उपाय करने की पुरजोर मांग की है।
रिपोर्ट- नागेंद्र प्रसाद