Bihar News : बेतिया में जमीन और पैसे के विवाद में युवक की चाकू गोदकर हत्या, परिजनों ने सड़क जाम कर काटा बवाल
Bihar News : पश्चिमी चम्पारण के सिरिसिया थाना क्षेत्र के जिनवलिया निवासी धामू पटेल को उसके ही पडोसी राजेश्वर पांडेय व उसके परिजनो ने कल देर शाम चाकू से दर्जनो वार कर हत्या कर दिया।
BETTIAH : पश्चिमी चंपारण जिले के सिरिसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जिनवलिया गांव में जमीन और पैसे के विवाद को लेकर पड़ोसियों ने एक युवक की चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान जिनवलिया निवासी धामू पटेल के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी राजेश्वर पांडेय और उसके परिजन मौके से फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग (NH-727) को जिनवलिया के समीप शव रखकर जाम कर दिया, जिससे घंटों आवागमन बाधित रहा।
घटना के संबंध में मृतक के पिता मोतीलाल पटेल और मामा ने बताया कि लगभग एक माह पूर्व आरोपी राजेश्वर पांडेय ने उनके पुत्र को शराब पिलाकर नशे की हालत में बिना पैसे दिए छल से जमीन लिखवा ली थी। इसके बाद जब भी पीड़ित परिवार अपने बकाया पैसे मांगने जाता, तो आरोपी टाल-मटोल करते रहे। आरोप है कि बीते 6 जुलाई को जब वे पैसे मांगने गए थे, तब भी आरोपियों ने उनके साथ जमकर मारपीट की थी, जिसमें पिता का सिर फट गया था और 9 टांके लगे थे।
परिजनों का गंभीर आरोप है कि 6 जुलाई की घटना के तुरंत बाद उन्होंने सिरिसिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने न तो कोई कार्रवाई की और न ही आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसी ढिलाई का फायदा उठाते हुए कल देर शाम जब धामू पटेल काम से घर लौट रहा था, तब रास्ते में घेरकर राजेश्वर पांडेय और उसके पुत्र ने चाकू से दर्जनों वार कर उसकी हत्या कर दी। परिजनों ने हत्यारों की त्वरित गिरफ्तारी, उचित मुआवजे और वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सिरिसिया थाने की पुलिस टीम सुबह से ही परिजनों को समझा-बुझाकर शव हटाने और जाम समाप्त कराने की गुहार लगाती रही। आखिरकार पुलिस अधिकारियों द्वारा कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद दोपहर लगभग 3 बजे परिजनों ने सड़क से शव हटाया। मामले में सिरिसिया थाना के एएसआई ने बताया कि नामजद मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
वहीं, इस पूरी घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है। ऑफ द कैमरा स्थानीय लोगों ने कहा कि पुलिस हमेशा कोई बड़ी वारदात होने के बाद ही नींद से जागती है। अगर 6 जुलाई को मारपीट के वक्त ही दिए गए आवेदन पर सिरिसिया पुलिस ने समय रहते निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की होती, तो आज एक बुजुर्ग पिता का बेकसूर सहारा छीनने से बच जाता और इस हत्या को रोका जा सकता था।
आशीष की रिपोर्ट