Bihar Crime : बकरी के भात खाने पर भाई-भाई के बीच हुई हिंसक झड़प, एक ने दूसरे को उतारा मौत के घाट, आधा दर्जन लोग हुए जख्मी
BETTIAH : बेतिया के लौरिया थाना क्षेत्र के धोबनी पंचायत अंतर्गत व्यासपुर बकुलहिया वार्ड संख्या 6 में बकरी द्वारा भात खा लेने की मामूली बात ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान स्व. छागुर साह के पुत्र मोतीलाल साह के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, बीते सोमवार की शाम मोतीलाल साह और उनके सगे भाई मुन्ना साह के बीच बकरी द्वारा घर का बना भोजन खा लेने को लेकर विवाद शुरू हुआ।
देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान भोला साह, अर्जुन साह, दरोगा साह, झगरु साह, शांति देवी, दुलारी देवी एवं मोतीलाल साह सहित सात लोग घायल हो गए।
सभी घायलों को पहले लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेतिया सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। मंगलवार को मोतीलाल साह घर लौट आए थे, लेकिन बुधवार शाम अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तुरंत बेतिया अस्पताल ले गए, जहां कल देर रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गुरुवार को लौरिया पुलिस व एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में मुन्ना साह और उनके तीन पुत्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के पुत्र के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आशीष की रिपोर्ट