Bihar News : बेतिया में शॉर्ट सर्किट से 10 घरों में लगी भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर हुई राख, बेजुबानों की भी गई जान

Bihar News : गर्मी का मौसम शुरू होते ही अगलगी की घटनाओं में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है. इसी कड़ी में बेतिया और मुंगेर में भीषण आग लग गयी. जिससे लाखों की सम्पत्ति को नुकसान पहुंचा है.....पढ़िए आगे

Bihar News : बेतिया में शॉर्ट सर्किट से 10 घरों में लगी भीषण
कई घरों में लगी आग - फोटो : ASHISH

BETTIAH : जिले के चौतरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत रायबारी महुआवा (वार्ड नं 6) में भीषण आग लगने से भारी तबाही हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग लगने का मुख्य कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। तेज पछुआ हवाओं ने आग में घी का काम किया, जिससे देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के घरों को अपनी चपेट में ले लिया।

लाखों का नुकसान और मवेशियों की मौत 

इस अग्निकांड में करीब 10 घर पूरी तरह जलकर राख हो गए हैं। पीड़ित परिवारों के अनुसार, घरों में रखा सारा कीमती सामान, जिसमें अनाज, नकदी, जेवर और कपड़े शामिल थे, अग्निदेव की भेंट चढ़ गए। इस त्रासदी का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि घरों में बंधे कई बेजुबान मवेशी भी आग की लपटों से खुद को बचा नहीं सके और उनकी जलकर मौके पर ही मौत हो गई।

पछुआ हवा ने बढ़ाई मुश्किल

घटना के समय चल रही तेज पछुआ हवा के कारण आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर-दूर से धुएं का गुबार देखा जा सकता था। पीड़ित परिवारों के पास अब सिर छुपाने के लिए छत और खाने के लिए दाना तक नहीं बचा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बाद में सूचना पाकर दमकल की टीम और पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुँच गई। पुलिस, फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों के घंटों के अथक परिश्रम के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिससे अन्य घरों को जलने से बचा लिया गया। चौतरवा थानाध्यक्ष सुभम कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम क्षति का आकलन करने में जुटी है, ताकि पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधानों के अनुसार जल्द से जल्द सहायता और मुआवजा दिलाया जा सके। पीड़ित परिवारों की अपील: बेघर हुए ग्रामीण अब जिला प्रशासन से मुआवजे और तत्काल राहत सामग्री (जैसे तिरपाल और भोजन) की गुहार लगा रहे हैं। 

मुंगेर में लगी आग 

वहीँ मुंगेर के सदर प्रखंड स्थित मै पंचायत अंतर्गत पीर पहाड़ तौफीर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर में लगी आग से अचानक भीषण आग लग गई। जिसमें देखते देखते 7 घरों को अपने जद में ले लिया ।  देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और सात लोगों का फूस का घर जलकर पूरी तरह राख हो गए। इस आगलगी में दो बकरियों की झुलसकर मौत हो गई, वहीं एक 18 वर्षीय किशोर का हाथ भी झुलस गया । आग की भयावहता को देख एक महिला मौके पर ही बेहोश हो गई, जिसे दमकल कर्मियों द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग पे काबू पाने के लिय अग्निशमन विभाग की तीन बड़ी गाड़ी और दो छोटी गाड़ी लगाना पड़ा। जानकारी के अनुसार घर में खाना बनाने के दौरान आग से निकली चिंगारी ने सात घरों को स्वाह कर दिया । गनीमत तो ये रहा कि इस आगलगी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली ।

बेतिया से आशीष और मुंगेर से इम्तियाज़ की रिपोर्ट