Bihar News : नरकटियागंज में एसएसबी की पहल, 50 युवतियों को मिला सिलाई और ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण, प्रमाण पत्र का हुआ वितरण
Bihar News : एसएसबी द्वारा सीमावर्ती क्षेत्र की युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आयोजित 30 दिवसीय सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया।
BETTIAH : भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाने वाली एसएसबी की 44वीं वाहिनी नरकटियागंज की ओर से सीमावर्ती क्षेत्र की युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से चलाए गए सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को समापन हुआ। राजकीय बुनियादी विद्यालय, दोमट के प्रांगण में आयोजित समारोह का उद्घाटन कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के तहत 25 युवतियों को 30 दिनों का सिलाई प्रशिक्षण तथा 25 युवतियों को 30 दिनों का ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण दिया गया। सिलाई प्रशिक्षण वाइब्रेंट विलेज जम्होली और ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण वाइब्रेंट विलेज कैरी की युवतियों को दिया गया। प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी 50 प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रम संस्कृति फाउंडेशन (एनजीओ) के सहयोग से संचालित किए गए।
एसएसबी की ओर से सीमावर्ती क्षेत्रों में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, मधुमक्खी पालन, नशामुक्त भारत अभियान तथा सरकारी योजनाओं के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाता है।
समारोह में 44 वीं वाहिनी एसएसबी के सहायक कमांडेंट रामवीर कुमार बीडीओ ब्रह्मदेव प्रसाद, प्रखंड प्रमुख जय प्रकाश पासवान, उप प्रमुख राजेश गढ़वाल, संस्कृति फाउंडेशन की निदेशक निधि राय सहित एसएसबी के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।