बोलेरो से सवा क्विंटल गांजा बरामद, अंतरराष्ट्रीय बाजार में बताई जा रही करोड़ो रुपये कीमत

नशा तस्करों के खिलाफ पश्चिम चंपारण पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो गाड़ी से करोड़ो रुपये का गांजा बरामद किया है.....

बोलेरो से सवा क्विंटल गांजा बरामद, अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब
बोलेरो से करोड़ो का गांजा बरामद- फोटो : आशिष

Bettiah : पश्चिम चम्पारण जिले की मझौलिया थाना पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो गाड़ी से भारी मात्रा में मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जप्त किए गए गांजे का कुल वजन एक क्विंटल 24 किलो 600 ग्राम (लगभग सवा क्विंटल) है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।


इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष के नेतृत्व में हुई कार्रवाई, तस्करों की घेराबंदी कर दबोचा

ऑफ द कैमरा जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि एक बोलेरो गाड़ी से मादक पदार्थ की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। इसके तुरंत बाद पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई और सादे लिबास में तस्करों की गाड़ी का पीछा करना शुरू किया। पुलिस टीम ने पूरी मुस्तैदी दिखाते हुए थाना क्षेत्र के महोदीपुर गांव में सड़क के किनारे घेराबंदी कर संदिग्ध बोलेरो को सफलतापूर्वक जप्त कर लिया।


रक्सौल बॉर्डर से लाई जा रही थी खेप, लोहियरिया क्षेत्र में होनी थी डिलीवरी

पुलिस की शुरुआती जांच और पूछताछ में यह बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि नशे की यह बड़ी खेप सीमावर्ती क्षेत्र रक्सौल से लाई जा रही थी। तस्करों का इरादा इस प्रतिबंधित मादक पदार्थ को सुरक्षित तरीके से लोहियरिया क्षेत्र में पहुंचाना था, जहाँ इसे आगे खपाया जाना था। हालांकि, इससे पहले ही मझौलिया पुलिस ने तस्करों के इस बड़े नेटवर्क और उनके मंसूबों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया।


दो आरोपी हिरासत में

गांजे की इस बड़ी खेप की बरामदगी के साथ ही पुलिस ने मौके से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पारस शाह के पुत्र दीपक कुमार और पन्नालाल पासवान के पुत्र अनुज कुमार के रूप में की गई है, जिन्हें थाने लाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


सिंडिकेट के मुख्य सरगना की तलाश तेज

फिलहाल मझौलिया थाना पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है, ताकि इस पूरे ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रक्सौल से लेकर लोहियरिया तक इस अवैध धंधे के तार और कौन-कौन से बड़े सप्लायरों से जुड़े हुए हैं। पुलिस का दावा है कि इस मामले में जल्द ही कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

बेतिया से आशिष कुमार की रिपोर्ट