Bihar News : बेगूसराय के स्कूल में ग्रिल गिरने से छात्र की हुई दर्दनाक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने शिक्षकों को बनाया बंधक

Bihar News : बेगूसराय के स्कूल में ग्रिल गिरने से छात्र की ह

BEGUSARAI : बेगूसराय के बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत अरवा पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय जहानपुर में बुधवार को अष्टम वर्ग में रखे ग्रिल गिरने के कारण एक छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं एक शिक्षक को स्कूल भवन में बंधक बनाकर और विद्यालय में तोड़फोड़ करने लगे। 

इसके बाद स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थानीय लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण आक्रोश में आ गए और उपद्रव करने लगे। इसके बाद हालत बिगड़ने लगी और तुरंत ही मंसूरचक थाना, भगवानपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने लगी। इसके बाद एसडीएम राकेश कुमार और डीएसपी कृष्ण कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को शांत करने की कोशिश की।

हालाँकि आक्रोशित ग्रामीण पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी के आने की मांग पर अड़े रहे और दोषी प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक पर कार्रवाई की मांग की। आक्रोश में आकर स्थानीय लोगों ने प्रधानाध्यापक अमित कुमार के साथ मारपीट की। जिसे पुलिस ने बचाया और अपने कब्जे में ले लिया। छात्र की पहचान अरवा पंचायत के वार्ड संख्या 3 निवासी फूलों यादव के 14 वर्षीय पुत्र मुन्ना कुमार के रूप में की गई है। 

प्रधानाध्यापक अमित कुमार और कंप्यूटर शिक्षक अवनीश कुमार को आक्रोशित लोगों ने बंधक बनाया,जिसे पुलिस ने छुड़ा कर अपने कब्जे में ले लिया है। जबकि ग्रामीणों ने दो घंटे तक बछवाड़ा-समसा रोड को जाम किया। एसडीएम राकेश कुमार ने कहा कि प्रभारी प्रधानाध्यापक अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है और विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने इस घटना को लेकर पुष्टि की है और घटनास्थल पुलिस छावनी में तब्दील है।

अजय शास्त्री की रिपोर्ट