पटना से लौट रहे तीन थानाध्यक्ष सहित चार की सड़क हादसे में मौत, बिहार पुलिस महकमे में पसरा मातम
बिहार पुलिस के लिए तीन थानाध्यक्ष एक दुखद हादसे का शिकार हो गए और तीनों की सड़क हादसे में मौत हो गई. यह घटना बेगूसराय में हुई है.
Bihar Police: बिहार के बेगूसराय जिले में शुक्रवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन थानाध्यक्षों और एक चालक की मौत हो गई। यह दुर्घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई, जहां एक कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतकों में मधेपुरा जिले के रतवारा थानाध्यक्ष साजन कुमार (साजन पासवान), अरार थानाध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र (ज्ञानेंद्र अमर) और बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार शामिल हैं। हादसे में कार चालक नीरज कुमार की भी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सभी पुलिस अधिकारी पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेकर अपने-अपने कार्यक्षेत्र लौट रहे थे। इसी दौरान साहेबपुर कमाल के समीप उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चारों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर इसे तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर का मामला माना जा रहा है।
बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी। वही इस घटना के संबंध में बेगूसराय पुलिस अधीक्षक मनीष ने बताया कि देर रात ये एक्सीडेंट हुआ है इसमें चार लोगों की मौके पर मौत हो गई है। जिसमें तीन पुलिस ऑफीसर्स मधेपुरा पुलिस के सर्विंग एस एच ओ और एक जो ड्राइवर जो गाड़ी से लौटते एक्सीडेंट हुआ है ट्रक से साहेबपुरकमाल के हाईवे पर उसका इन्वेस्टिगेशन जारी है। यहां पर पोस्टमार्टम हम लोगों ने कराया है और सारी जो वैधानिक प्रक्रिया है, जो प्रोटोकॉल है उसका फॉलो किया है। गाड़ी पटना से मधेपुरा की तरफ जा रही थी तीन थानानेदार थे मधेपुरा के अलग-अलग थाने में कार्यरत थे। रात 12:30 बजे की घटना है ट्रक के साथ एक्सीडेंट हुआ है कैसे हुआ है इसकी जांच अभी चल रही है।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट