Bihar News : बेगूसराय में संदिग्ध परिस्थिति में वीडियोग्राफर का शव पुलिस ने किया बरामद, आक्रोशित परिजनों ने किया सड़क जाम
Bihar News : बेगूसराय में पुलिस ने संदिग्ध परिस्थिति में विडिओग्राफर का शव बरामद किया है. इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने सड़क जाम कर दिया......पढ़िए आगे
BEGUSARAI : जिले के चेरिया बरियारपुर प्रखंड अंतर्गत विक्रमपुर गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पुल के पास से बरामद किया गया। मृतक की पहचान वार्ड संख्या 11 निवासी रंजीत सिंह के पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है। सुजीत पेशे से वीडियोग्राफर था और शादी-विवाह जैसे कार्यक्रमों में वीडियोग्राफी का काम करता था। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
रात में निकला था घर से, सुबह मिली मौत की खबर
परिजनों के अनुसार, सुजीत कुमार मंगलवार रात करीब 8 बजे किसी काम से घर से बाहर निकला था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन देर रात उन्हें उसकी मौत की दुखद सूचना मिली। बताया जा रहा है कि रात करीब 3 बजे शव मिलने की बात सामने आई है। सुजीत की असामयिक मौत से पूरे गांव में मातम और प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष देखा जा रहा है।
अस्पताल और प्रशासन की मिलीभगत का आरोप
इस मामले में मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सुजीत की मौत सामान्य नहीं है, बल्कि यह एक सोची-समझी साजिश का परिणाम हो सकता है। परिजनों ने स्थानीय अस्पताल और प्रशासन पर मिलीभगत का संदेह जताते हुए कहा कि अब तक इस मामले में कोई स्पष्ट जांच प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है। उनका आरोप है कि साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ की जा सकती है, जिससे दोषियों को बचाने की कोशिश हो रही है।
आक्रोशित लोगों ने सड़क पर किया प्रदर्शन
पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली और घटना के विरोध में स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने प्रखंड मुख्यालय के सामने स्टेट हाईवे (SH-55) को दोनों तरफ से पूरी तरह जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर जमकर नारेबाजी की और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। सड़क जाम होने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप रहा।
पुलिस की जांच और कार्रवाई का आश्वासन
घटना और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस संदिग्धों की पहचान करने और घटना की कड़ियाँ जोड़ने में जुटी हुई है।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट