बेगूसराय में खनन माफिया का खूनी खेल ! चौकीदार के साले की अपहरण के बाद हत्या, पुलिस जवान सहित कई घायल
बेगूसराय में खनन माफिया पर एक स्थानीय चौकीदार के साले की अपरहण के बाद हत्या का मामला सामने आया है. इसमें कई लोग घायल भी हुए हैं.
Begusarai murder : बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में अपराधियों ने एक युवक का अपहरण कर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या से पहले युवक को जमकर पीटा गया और बाद में उसे गोली मार दी गई। वारदात के दौरान बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। मृतक की पहचान किल्ली गांव निवासी मोहम्मद वकील उर्फ मखिया (35) के रूप में हुई है। वह मोहम्मद जहांगीर (चौकीदार) के साले थे। बताया जा रहा है कि वकील घर से दुकान जा रहे थे, तभी रास्ते में अपराधियों ने उन्हें अगवा कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और विरोध किया, लेकिन अपराधियों ने उन पर भी हमला कर दिया। लाठी-डंडों और हथियारों से लैस बदमाशों ने करीब आधा दर्जन लोगों की जमकर पिटाई की और फायरिंग भी की। इस हमले में सिवान में तैनात बिहार पुलिस के जवान मोहम्मद मुनव्वर (30) सहित नौशाद (40), मुर्तुजा (38), शाहनवाज (28) और शमशेर (48) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी का इलाज बेगूसराय सदर अस्पताल में चल रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इलाके में बूढ़ी गंडक नदी से अवैध बालू खनन का धंधा चल रहा है। खनन माफिया को शक था कि मोहम्मद वकील अपने बहनोई चौकीदार के जरिए पुलिस को सूचना देता था। इसी शक में इस वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट