Bihar News : बेगूसराय में बारात से लौट रहे युवकों की बाइक गड्ढे में गिरी, दो की हुई दर्दनाक मौत, सड़क जाम कर परिजनों ने किया हंगामा

Bihar News : बेगूसराय में बारात से लौट रहे युवकों की बाइक गड

BEGUSARAI : जिले के लाखों थाना अंतर्गत अयोध्याबारी में एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के अनुसार, अयोध्याबारी में बारात का स्वागत करने के बाद तीन व्यक्ति एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक अनियंत्रित होकर एक गहरे गड्ढे में गिर गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।

दो युवकों की मौके पर मौत, एक की हालत नाजुक

इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनकी पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सुजा निवासी संजीत तांती के पुत्र बमबम कुमार और स्वर्गीय लुचो तांती के पुत्र बमबम कुमार के रूप में की गई है। वहीं, बाइक पर सवार तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।

परिजनों ने एनएच-31 को किया जाम

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-31 पर शवों को रखकर सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और वे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।

प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद खुला जाम

घटना की सूचना मिलते ही लाखों थाना पुलिस और सदर अंचलाधिकारी (CO) राहुल कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और उचित सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। घंटों चले हंगामे के बाद प्रशासन ने जाम हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव

प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है। अंचलाधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ितों को सहायता प्रदान की जाएगी। इस घटना के बाद मृतक के गांव सुजा में शोक की लहर दौड़ गई है।

अजय शास्त्री की रिपोर्ट