Bihar News : बेगूसराय का लाल झारखंड में हुआ शहीद, तिरंगे में लिपटकर घर पहुंचा जवान का पार्थिव शरीर, उमड़ा जनसैलाब
Bihar News : बेगूसराय का लाल झारखण्ड में शहीद हो गया. जिसके बाद उनका पार्थिव शारीर गांव लाया गया. जवान के अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा......पढ़िए आगे
BEGUSARAI : जिले के लिए दुखद खबर सामने आई है, जहां जिले का एक जवान झारखंड में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गया। शहीद जवान की पहचान चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के श्रीपुर पंचायत निवासी मुरारी कुमार के रूप में की गई है। वह आईआरबी यानी इंडियन रिजर्व बटालियन के जवान थे। बताया जा रहा है कि मुरारी कुमार श्रीपुर पंचायत के उपमुखिया प्रदुमन चौधरी उर्फ बरेलाल के पुत्र थे।
जवान के शहीद होने की खबर मिलते ही पूरे गांव और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार देर रात सेना के वाहन से शहीद मुरारी कुमार का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव लाया गया। सिउरी पुल के पास जैसे ही सेना का वाहन पहुंचा, सैकड़ों बाइक पर सवार लोग तिरंगा झंडा लेकर वहां पहुंचे और “भारत माता की जय” तथा “मुरारी कुमार अमर रहें” के नारों से माहौल गूंज उठा।
इसके बाद पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ उनके घर तक लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वही सुबह शहीद जवान मुरारी कुमार का पार्थिव शरीर को देखने के लिए काफी संख्या में भीड़ लग गई। और सबों का आंख नमन हो गया। शहीद जवान के भाई सत्यम चंद्र ने बताया कि मुरारी कुमार की पोस्टिंग झारखंड के गुमला में थी।
उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों से मुरारी से फोन पर बात नहीं हुई थी। बाद में फोन पर सूचना मिली कि उनकी तबीयत खराब है और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हालांकि अभी तक मौत के कारणों को लेकर पूरी तरह से स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ पाई है।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट