Bihar Crime : बेगूसराय में मानवता शर्मसार, 4 साल की मासूम के साथ नाबालिग ने किया दुष्कर्म, हालत गंभीर

Bihar Crime : बेगूसराय में बहला फुसलाकर नाबालिग ने एक चार साल की मासूम के साथ दुष्कर्म किया. जिसके बाद उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है........पढ़िए आगे

Bihar Crime : बेगूसराय में मानवता शर्मसार, 4 साल की मासूम के
मासूम से दुष्कर्म - फोटो : AJAY

BEGUSARAI : बिहार के बेगूसराय जिले के एक गांव में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। यहाँ एक 4 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ एक नाबालिग लड़के द्वारा दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। शनिवार दोपहर हुई इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव और भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी सजा की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है।

खेलने गई बच्ची लहूलुहान हालत में लौटी घर

जानकारी के अनुसार, मासूम बच्ची शनिवार दोपहर अपने घर से महज 200 मीटर की दूरी पर खेलने के लिए निकली थी। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटी, तो वह बदहवास होकर रो रही थी और लहूलुहान स्थिति में थी। बच्ची ने रोते हुए अपने परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई और आरोपी लड़के के बारे में बताया। बच्ची की माँ के अनुसार, जब परिजनों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, तो उसकी माँ ने उसे घर में छिपाकर बचाने का प्रयास किया, जिससे मामले में और अधिक उत्तेजना फैल गई।

अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जहाँ देर रात उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। वहीं दूसरी ओर, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग को अपनी कस्टडी में ले लिया है और उसका भी मेडिकल चेकअप कराया गया है।

मक्के के खेत से FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी कृष्ण कुमार स्वयं घटनास्थल का मुआयना किया। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाया गया, जिसने मक्के के खेत से महत्वपूर्ण नमूने और साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं और यह सुनिश्चित करेंगे कि न्याय प्रक्रिया में कोई ढिलाई न बरती जाए।

जिले में आक्रोश की लहर, सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घिनौनी वारदात के बाद से बेगूसराय के स्थानीय लोगों में गहरा रोष है। लोग नाबालिग आरोपियों द्वारा बढ़ते अपराधों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर खासे चिंतित हैं। सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए ताकि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिल सके। फिलहाल, पूरे गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। 

अजय शास्त्री की रिपोर्ट