Bihar News : बांका जिले का धूमधाम से मनाया गया 36 वां स्थापना दिवस, 'नीली रोशनी' से दुल्हन की तरह सजा शहर, डीएम और एसपी ने जिलेवासियों को दी बधाई

Bihar News : बांका जिले का 36 वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया. इस मौके पर शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया. वहीँ डीएम और एसपी ने जिलेवासियों को शुभकामना दी है.....पढ़िए आगे

Bihar News : बांका जिले का धूमधाम से मनाया गया 36 वां स्थापन
36 साल का बांका - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध बांका जिला का 36वां स्थापना दिवस शनिवार को पूरे उत्साह, उल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह शहर स्थित आरएमके हाई स्कूल मैदान में आयोजित हुआ, जहां जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय विधायक रामनारायण मंडल, जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला तथा पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र नाथ वर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं केक काटकर किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्थापना दिवस का स्वागत किया।

विकास की राह पर अग्रसर बांका

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रामनारायण मंडल ने कहा कि बांका जिला निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में बांका राज्य के अग्रणी जिलों में अपनी पहचान बनाएगा। जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला ने अपने संबोधन में जिले की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि प्रशासन आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र नाथ वर्मा ने जिले में विधि-व्यवस्था की स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

1991 में बना था नया जिला

उल्लेखनीय है कि बांका जिला का गठन 21 फरवरी 1991 को भागलपुर से अलग कर किया गया था। तब से लेकर अब तक जिले ने कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन विकास की यात्रा लगातार जारी रही। आज 36 वर्षों के सफर में बांका ने प्रशासनिक, सामाजिक और आर्थिक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।

दुल्हन की तरह सजा शहर

स्थापना दिवस के अवसर पर पूरा बांका शहर नीले रंग की आकर्षक रोशनी से जगमगा उठा। सभी सरकारी कार्यालयों, प्रमुख भवनों और चौक-चौराहों को विशेष रूप से सजाया गया था। शाम ढलते ही शहर का नजारा देखने लायक हो गया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा शहर दुल्हन की तरह सजा हो। स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी गई, जिसमें देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटक के माध्यम से जिले के गौरवशाली इतिहास और विकास यात्रा को दर्शाया गया। स्थापना दिवस समारोह ने न केवल जिले की उपलब्धियों को रेखांकित किया, बल्कि आने वाले समय में और बेहतर भविष्य के निर्माण का संकल्प भी दोहराया।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट