जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, खंती और फावड़े से हमले में एक ही परिवार के चार लोग घायल

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, खंती और फावड़े से हमले में एक ही

Banka : जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कौशलपुर गांव में मंगलवार की सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर खून-खराबा हुआ। इस हिंसक मारपीट में एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान मिथिलेश यादव, अंगद कुमार, उनकी माँ और बड़े भाई के रूप में की गई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है और पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है।


परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ जमीन का पुराना बंटवारा है। बताया जा रहा है कि परिवार के बीच करीब 10 साल पहले ही जमीन का विधिवत बंटवारा हो चुका था। लेकिन आज सुबह करीब 6 बजे विवाद तब भड़का जब आरोप के मुताबिक बड़े बाबू का बेटा जबरन जमीन की बाउंड्री तोड़ने पहुँच गया। विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई।


आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने पूरी तैयारी के साथ खंती, फावड़ा और अन्य धारदार कृषि औजारों से मिथिलेश यादव के परिवार पर हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में परिवार के चारों लोग लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुँचे, जिन्हें देख हमलावर वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अमरपुर अस्पताल ले जाया गया।


अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने दो घायलों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बताई। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरे जख्म होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। फिलहाल दोनों घायलों का मायागंज में इलाज चल रहा है, जहाँ उनकी स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है।


इधर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस ने अस्पताल पहुँचकर घायलों और उनके परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर मारपीट की सूचना मिली है। फिलहाल पुलिस को लिखित आवेदन का इंतजार है, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जाएगी। पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील की है।


बालमुकुंद की रिपोर्ट