बगहा में खाकी का अनोखा अंदाज: 10+2 बालिका स्कूल पहुंचे SP राजेश कुमार, छात्राओं को पढ़ाया सफलता का पाठ

पश्चिम चंपारण के बगहा ने पुलिस का एक अलग अंदाज देखने को मिला। एसपी मंगलवार को बालिका विद्यालय पहुंचे, जहां वे एक पुलिस अधिकारी नहीं बल्कि शिक्षक के रुप में नजर आए। एसपी ने छात्राओं को सफलता के कई मूल-मंत्र बताए.....

बगहा में खाकी का अनोखा अंदाज: 10+2 बालिका स्कूल पहुंचे SP रा
बगहा में खाकी का अनोखा अंदाज- फोटो : धीरज पराशर

Bagha : पुलिस जिला बगहा में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की कमान संभालने वाले पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश कुमार का मंगलवार को एक अनोखा और प्रेरणादायक अंदाज देखने को मिला। बगहा स्थित 10+2 सहकारी प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय पहुंचे एसपी ने महज औपचारिक निरीक्षण करने के बजाय खुद शिक्षक की भूमिका संभाल ली। उन्होंने छात्राओं के बीच बैठकर उनसे आत्मीय संवाद किया और फिर ब्लैकबोर्ड के पास जाकर खुद पढ़ाते हुए बच्चों को सफलता की राह दिखाई।


अनुशासन, समय और नियमित अध्ययन का दिया संदेश

एसपी को अचानक शिक्षक के रूप में अपने सामने देखकर स्कूल की छात्राओं में भारी उत्साह नजर आया। पुलिस अधीक्षक ने ब्लैकबोर्ड पर पाठ पढ़ाते हुए बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ जीवन में अनुशासन और समय के सही उपयोग का महत्व समझाया। उन्होंने छात्राओं से उनकी पढ़ाई की स्थिति जानी, उनके सवालों के सहजता से जवाब दिए और उन्हें बिना किसी मानसिक दबाव के अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।


लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की दी सलाह

छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए एसपी राजेश कुमार ने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए सबसे जरूरी है कि विद्यार्थी अपना एक स्पष्ट लक्ष्य तय करें। उन्होंने बच्चों को सीख दी कि आज की गई लगन और मेहनत ही उनके बेहतर भविष्य की मजबूत नींव तैयार करेगी। इसलिए पढ़ाई को कभी बोझ न समझें, बल्कि इसे अपने सपनों को पूरा करने का माध्यम मानकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें।


खाकी वर्दी में एसपी का अंदाज बना चर्चा का विषय

आमतौर पर पुलिस अधिकारियों को केवल कानून-व्यवस्था और जांच कार्यों में देखने वाली छात्राओं के लिए एसपी का यह दोस्ताना अंदाज बेहद खास रहा। एसपी ने बच्चों के साथ घुल-मिलकर बातचीत की, जिससे क्लासरूम का माहौल काफी सहज और उत्साहवर्धक हो गया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों के साथ-साथ अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे, जो एसपी के इस प्रयास के साक्षी बने।


बच्चों के भविष्य निर्माण को बताया समाज का दायित्व

एसपी ने कहा कि बच्चों को शिक्षित बनाना और उनके उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना केवल शैक्षणिक संस्थानों की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के प्रति गंभीर रहने और अपने लक्ष्य पर फोकस करने के लिए प्रोत्साहित किया। बगहा में खाकी वर्दीधारी अधिकारी का बच्चों को कानून के बजाय जिंदगी में आगे बढ़ने का पाठ पढ़ाना अब हर तरफ सराहा जा रहा है।


धीरज पराशर की रिपोर्ट