Bihar Road Accident:औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा, पिकअप और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत, दो की हालत नाजुक

Bihar Road Accident: पिकअप और ऑटो के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।....

Two Die Two Injured in Horrific Road Accident in Bihar
औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा- फोटो : reporter

Bihar Road Accident:औरंगाबाद जिले से दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना की बड़ी खबर सामने आई है। रफीगंज थाना क्षेत्र में पिकअप और ऑटो के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर मलबा बिखर गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना उस समय हुई जब धंधवा गांव से गोह की ओर गाय लादकर जा रही एक पिकअप की सामने से आ रहे मुर्गी लदे ऑटो से सीधी टक्कर हो गई। आमने-सामने की इस भिड़ंत ने दोनों वाहनों को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

घटना की सूचना मिलते ही रफीगंज थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो अन्य गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद रेफर कर दिया गया।मृतकों की पहचान औरंगाबाद जिले के धंधवा गांव निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद अजीज तथा अरवल जिले के हृदयचक गांव निवासी 20 वर्षीय मोहम्मद भोला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मोहम्मद अजीज पिकअप वाहन पर सवार था, जबकि मोहम्मद भोला ऑटो में यात्रा कर रहा था। दोनों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

वहीं हादसे में घायल लोगों की पहचान मोहम्मद अदनान और पिंटू कुमार उर्फ मंटू के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। परिजनों की निगाहें अब डॉक्टरों की कोशिशों पर टिकी हैं।

जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना के बाद पिकअप में सवार दो लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है।इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट