Bihar News : छात्रों से अधिक शुल्क वसूलने के आरोप में प्रभारी प्रधानाध्यापक हुए सस्पेंड, डीईओ ने की बड़ी कार्रवाई
Bihar News : जिला शिक्षा पदाधिकारी, औरंगाबाद ने मदनपुर प्रखंड के पीएम श्री उच्च माध्यमिक विद्यालय गणेश नगर मणिका के प्रभारी प्रधानाध्यापक पर बड़ी कार्रवाई की है........जानिए पूरा मामला
AURANGABAD : औरंगाबाद के जिला शिक्षा अधिकारी ने मदनपुर प्रखंड स्थित पीएम श्री उच्च माध्यमिक विद्यालय गणेश नगर मणिका के प्रभारी प्रधानाध्यापक पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। डीईओ कार्यालय द्वारा जारी आदेश के तहत आरोपी प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय कुमार सिंह (विशिष्ट शिक्षक) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मामला कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं से पंजीयन और आवेदन शुल्क के नाम पर अवैध वसूली से जुड़ा है। मदनपुर प्रखंड शिक्षा अधिकारी के पत्रांक 697 (दिनांक 16.09.2026) के आधार पर आरोपी शिक्षक पर सरकार द्वारा निर्धारित मानक राशि के बजाय क्रमशः 1500, 3000 और 6000 रुपये तक की अत्यधिक राशि वसूलने का गंभीर आरोप लगाया गया था।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा था। हालांकि, निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रधानाध्यापक द्वारा कोई संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। स्पष्टीकरण अप्राप्त रहने पर विभाग ने आरोपों को प्रथम दृष्टया सही मानते हुए निलंबन का कदम उठाया और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी।
मामले की विस्तृत जांच के लिए एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। इसमें औरंगाबाद के कार्यक्रम अधिकारी अमृतेश आर्यन को संचालन अधिकारी तथा मदनपुर बीईओ को उपस्थापन अधिकारी नियुक्त किया गया है। निलंबन की इस अवधि के दौरान आरोपी शिक्षक का मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र (BRC), मदनपुर तय किया गया है।
दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट