रफ्तार के कहर ने 5 वर्षीय मासूम की ली जान : अनियंत्रित थार की चपेट में आने से हुई मौत, CCTV से गाड़ी चिन्हित

औरंगाबाद जिले में रफ्तार के कहर ने एक मासूम बच्चे की जान ले ली। तेज रफ्तार थार जीप ने 5 वर्षीय बच्चे को कुचल डाला, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद बच्चे के परिवार मे कोहराम मचा हुआ है.....

रफ्तार के कहर ने 5 वर्षीय मासूम की ली जान : अनियंत्रित थार क
सड़क दुर्घटना मे बच्चे की मौत- फोटो : दीनानाथ मौआर

Aurangabad : जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दानी बिगहा बस स्टैंड के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में थार जीप की चपेट में आने से 5 वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक मासूम की पहचान देव थाना क्षेत्र के चेता बिगहा निवासी सुबोध सिंह के 5 वर्षीय पुत्र आदित्य राज के रूप में हुई है। बालक का परिवार औरंगाबाद के ब्लॉक मोड़ के पास किराए के मकान (डेरा) में रहता था।


दुकान जाने के दौरान हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना तब हुई जब आदित्य स्कूल से लौटने के बाद अपने भाई के साथ कुछ घरेलू सामान लेने दुकान जा रहा था। सड़क पार करने के दौरान एक तेज रफ्तार थार जीप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग आनन-फानन में बच्चे को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।


CCTV फुटेज से वाहन की पहचान, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की मदद से दुर्घटना को अंजाम देने वाले थार वाहन की पहचान कर ली है और चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।


माता-पिता की अनुपस्थिति में घटी घटना, परिवार में कोहराम

हादसे के वक्त घर पर मासूम की 12 वर्षीय बहन ही मौजूद थी। मृतक के पिता सुबोध सिंह दिल्ली में रहकर गाड़ी चलाते हैं, जबकि मां अपने इलाज के सिलसिले में बनारस गई हुई थीं। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही मां बेसुध हो गईं और तत्काल औरंगाबाद के लिए रवाना हो गईं। परिजनों के पहुँचने तक शव को सदर अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है।


दीनानाथ मौआर