Bihar News : औरंगाबाद मंडल कारा में बंद कैदियों को खुला कमाने का रास्ता, छह दिवसीय ट्रेनिंग के बाद हज़ारों रुपये की करेंगे कमाई
Bihar News : औरंगाबाद मंडल कारा में बंद कैदियों को स्वरोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक नई पहल शुरू की गई है.......पढ़िए आगे
AURANGABAD : औरंगाबाद मंडल कारा में बंद कैदियों को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करने के उद्देश्य से मंगलवार को छह दिवसीय सामान्य उद्यमिता विकास कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जेल अधीक्षक डॉ. दीपक कुमार एवं राजकुमार सिंह, निदेशक, पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI), औरंगाबाद ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में 35 बंदियों को उद्यमिता एवं स्वरोजगार से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान बंदियों को व्यवसाय के चयन, उद्यम शुरू करने की प्रक्रिया, वित्तीय प्रबंधन, बाजार की समझ तथा स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी जाएगी।
अभिजीत कुमार सिंह, डोमेन स्किल ट्रेनर एवं कृषि विशेषज्ञ के साथ रामरूप कुमार एवं रामनंदन कुमार, फैकल्टी के रूप में प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक डॉ दीपक कुमार ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से बंदियों में आत्मविश्वास एवं स्वावलंबन की भावना विकसित होगी और रिहाई के बाद वे सम्मानजनक जीवन की शुरुआत कर सकेंगे। कार्यक्रम के अंत में उपाधीक्षक सरोज कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का आयोजन सहायक अधीक्षक सह बन्दी कल्याण पदाधिकारी संजीव कुमार की देख रेख मे किया जायेगा।
दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट