Bihar Road Accident: राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर रांची जा रही बस डंपर से टकराई, एक यात्री की मौत, दो दर्जन के करीब घायल

Bihar Road Accident: राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से भरे सफर को मातम में बदल दिया।

Bihar Road Accident: राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर रांची जा रही ब
रांची जा रही बस डंपर से टकराई- फोटो : News4Nation

Bihar Road Accident: राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर  एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से भरे सफर को मातम में बदल दिया। औरंगाबाद के मदनपुर थाना क्षेत्र के पहारचापी मोड़ के समीप वाराणसी से रांची जा रही रेखा एक्सप्रेस यात्री बस सड़क निर्माण कार्य में लगी राख लदे डंपर ट्रक से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 20 से 22 यात्री जख्मी हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का मंजर देखने को मिला।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के राजा तालाब निवासी 35 वर्षीय विवेक सिंह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि विवेक सिंह एक फार्मा कंपनी में कार्यरत थे और अपने सहयोगी आशु पटेल के साथ कंपनी के काम से रांची जा रहे थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के मुताबिक रेखा एक्सप्रेस बस सोमवार रात करीब नौ बजे वाराणसी से रांची के लिए रवाना हुई थी। जब बस पहारचापी मोड़ के समीप पहुंची, तभी चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया। देखते ही देखते बस आगे चल रहे डंपर ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार यात्री सीटों के बीच फंस गए।

हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर, सदर अस्पताल औरंगाबाद तथा अन्य अस्पतालों में भेजा गया।

घायलों में वाराणसी निवासी मनेश गुप्ता, संजय राम, मनिकेश सिंह, अमन मिश्रा, दुलारी देवी समेत कई अन्य यात्री शामिल हैं। अधिकांश घायल वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। कई घायलों का इलाज अब भी विभिन्न अस्पतालों में जारी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है। प्रारंभिक जांच में चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा और रात्रिकालीन यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।