Cricket News : टीम इंडिया में ईशान किशन की वापसी से परिवार गदगद, गर्लफ्रेंड अदिति संग शादी को लेकर दादाजी ने खोला बड़ा राज
Cricket News : ईशान किशन के बाबा अनुग्रह पाण्डे ने कहा है कि पूरे परिवार में आज खुशी है कि एक बार फिर से इंडिया टीम में अपनी जगह बनाने में वे कामयाब रहे.....पढ़िए आगे
AURANGABAD : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन के घर में इस समय दोहरी खुशी का माहौल है। बिहार के औरंगाबाद जिले के गोराडीहा ग्राम निवासी ईशान किशन के दादा अनुग्रह नारायण पांडे ने मीडिया से खास बातचीत की। उन्होंने टीम इंडिया के चयनकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि पूरे परिवार को इस बात की बेहद खुशी है कि ईशान एक बार फिर भारतीय टीम में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। चयनकर्ताओं ने ईशान पर जो भरोसा जताया है, उससे पूरा परिवार बेहद उत्साहित है।
दादाजी ने ईशान के संघर्ष के दिनों को याद करते हुए एक भावुक सच भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जब ईशान को टीम इंडिया से बाहर कर दिया गया था, तब वह काफी निराश और उदास रहते थे। अपनी वापसी के लिए ईशान ने पिछले दो साल से भी ज्यादा समय तक कड़ी मेहनत की और मैदान पर पसीना बहाया। आखिरकार उनकी यह लंबी तपस्या और संघर्ष रंग लाया और चयनकर्ताओं ने उन्हें दोबारा टीम में शामिल किया, जिससे पूरे परिवार की खुशियां लौट आई हैं।
इस बातचीत के दौरान जब मीडिया ने ईशान किशन की शादी को लेकर सवाल पूछा, तो दादाजी ने फिलहाल उनकी शादी की बात से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि ईशान अभी शादी नहीं करने वाले हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या ईशान की किसी लड़की से बातचीत होती है, तो उन्होंने मजाकिया और बेबाक अंदाज में कहा, "बात करने के लिए तो वह सैकड़ों लड़कियों से बात करता है, इसका मतलब यह थोड़ी है कि वह सबसे शादी कर लेगा।"
हालांकि, जब मीडिया ने ईशान की कथित गर्लफ्रेंड अदिति हुंडिया (अदिति जैन) के साथ उनके संबंधों को लेकर सीधा सवाल किया, तो दादाजी ने इस पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने साफ शब्दों में स्वीकार किया कि अदिति उनकी गर्लफ्रेंड हैं, जो राजस्थान की रहने वाली हैं और जैन धर्म से ताल्लुक रखती हैं। दादाजी ने बड़ा दिल दिखाते हुए कहा, "अगर ईशान उनसे शादी करना चाहते हैं, तो हमें और हमारे परिवार को कोई ऐतराज नहीं है। वह अपनी शादी का फैसला स्वयं करेंगे।"
परिवार के खुले विचारों का जिक्र करते हुए अनुग्रह पांडे ने बताया कि उनके घर में शादियों को लेकर पहले भी कोई पाबंदी नहीं रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि ईशान किशन के बड़े भाई ने भी उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पोती (जो पेशे से डॉक्टर हैं) से शादी की है, जिसमें पूरा परिवार बेहद खुशी-खुशी बारात लेकर गया था। उन्होंने कहा कि अगर ईशान भी अपनी पसंद से शादी कर लेते हैं, तो पूरा परिवार खुश रहेगा और उनके फैसले का सम्मान करेगा।
दीनानाथ की रिपोर्ट