Bihar Road Accident : औरंगाबाद में सड़क हादसे में शिक्षिका दंपत्ति सहित चार लोगों की गयी जान, आक्रोशित लोगों ने जमकर काटा बवाल

Bihar Road Accident : औरंगाबाद में सड़क हादसे में शिक्षिका दंपति समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है. इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है.....पढ़िए आगे

Bihar Road Accident : औरंगाबाद में सड़क हादसे में शिक्षिका दं
सड़क हादसे में 4 की मौत - फोटो : DINANATH

AURANGABAD : औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां अलग-अलग सड़क हादसों में एक शिक्षिका दंपति समेत चार लोगों की मौत हो गई। पहली दर्दनाक घटना मदनपुर थाना क्षेत्र के अंजनवा गांव के समीप NH-19 पर घटी, जब सड़क पार करने के दौरान एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दंपति को रौंद दिया। हादसे में जोबड़ी गांव निवासी प्रहलाद महतो और उनकी पत्नी उर्मिला देवी की मौके पर ही मौत हो गई। उर्मिला देवी अंजनवा स्थित मध्य विद्यालय में शिक्षिका थीं और उनके पति उन्हें बाइक से स्कूल छोड़ने जा रहे थे।

शिक्षिका दंपति की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर NH-19 को जाम कर दिया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क जाम के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इसी बीच एक और दर्दनाक हादसा घट गया। रांची से बनारस जा रही एक नेक्सॉन कार जाम से बचने के लिए पड़रिया गांव के अंदरूनी रास्ते से निकलने की कोशिश कर रही थी।

पड़रिया गांव में सड़क किनारे अपने दरवाजे पर बैठी दो महिलाओं को अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी। कार की चपेट में आने से पड़रिया निवासी प्यारी कुंअर और बरतिया देवी की भी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार एक सेना के जवान की थी, जिसने हाल ही में नई गाड़ी खरीदी थी। चालक के नया होने के कारण उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण यह दूसरा बड़ा हादसा हुआ। ग्रामीणों ने कार चालक आर्मी जवान को सुरक्षित पुलिस के हवाले कर दिया।

घटनाओं की सूचना मिलते ही मदनपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने चारों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया है। जहां ट्रक चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया, वहीं कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है। एक ही दिन में दो भीषण हादसों से पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट