बिहार पुलिस को बड़ी सफलता, हथियारों का जखीरा बरामद, चार बदमाश गिरफ्तार

हथियारों के अवैध जखीरे के साथ बिहार पुलिस की विशेष अभियान समूह ने औरंगाबाद में चार बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है.

Bihar Police
Bihar Police - फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार पुलिस की विशेष अभियान समूह (SOG-10) ने अवैध हथियारों के गिरोह को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता पाई है। पुलिस को 18 जून को सूचना मिली थी कि औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर और भोजपुर जिलों में आर्म्स तस्करों द्वारा अवैध रूप से पिस्टल, कट्टा और गोलियों की बड़ी खेप सप्लाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान औरंगाबाद जिले के उपहारा थाना के रोहित कुमार उर्फ बिल्लू सिंह उर्फ बिल्टा, हसपुरा थाना के गणेश कुमार उर्फ बिक्रम और गोह थाना के मो. सोहेल उर्फ बलिस्टर आलम उर्फ बली और इश्तेखार आलम के रूप हुई है।


सूचना के आधार पर 19 जून को SOG-10 की टीम ने SOG-09, CHITA-02, DIU औरंगाबाद और गोह थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की। गोह-रफीगंज रोड स्थित डीहुरी बाजार के पास छापेमारी कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उस समय आरोपी तीन मोटरसाइकिलों पर हथियार बेचने जा रहे थे। पुलिस ने उनके पास से तीन लोडेड पिस्टल, सात मैगजीन और 60 गोलियां बरामद कीं।


गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने गोह थाना क्षेत्र के प्राणपुर गांव में छापेमारी की, जहां बिक्री के लिए छिपाकर रखे गए दो देशी कार्बाइन (थारनेट), दो कट्टे और एक टूटा हुआ कट्टा बरामद किया गया। इसके अलावा .315 बोर की 55 गोलियां और 7.62 बोर की 44 गोलियां भी जब्त की गईं। मौके से दो खोखे, चार मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिल भी बरामद की गईं।


पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने हथियार तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। सभी को गोह थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जहां उनके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता और आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

अनिल की रिपोर्ट