बैंक गार्ड की बंदूक से चली गोली, रिकवरी एजेंट की मौके पर मौत

बैंक गार्ड की बंदूक से चली गोली, रिकवरी एजेंट की मौके पर मौत
बैंक गार्ड की बंदूक से चली गोली रिकबरी एजेंट की मौत- फोटो : दीना नाथ

Aurangabad :  जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र स्थित ऊंचौली गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ इंडियन बैंक की शाखा में तैनात एक सुरक्षा गार्ड की बंदूक से अचानक गोली चल गई, जो सीधे बैंक के ही रिकवरी एजेंट को जा लगी। गोली लगने के बाद बैंक परिसर में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में घायल एजेंट को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान माधव खाप गांव निवासी राजेंद्र पासवान के रूप में हुई है, जो इसी बैंक में रिकवरी एजेंट के पद पर कार्यरत थे।


मैनेजर बोले— लगा कि चार्जर फटा है, पास जाकर देखा तो फर्श पर तड़प रहे थे राजेंद्र

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बैंक के असिस्टेंट मैनेजर श्याम विहारी प्रसाद ने बताया कि बैंक के सुरक्षा गार्ड अभय कुमार सिंह अपनी दोनाली बंदूक की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक फायर हो गया और गोली सामने खड़े राजेंद्र पासवान के पेट में जा लगी। उन्होंने बताया कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि बैंक कर्मियों को लगा कि किसी का मोबाइल चार्जर फटा है, लेकिन जब वे मौके पर पहुँचे तो राजेंद्र पासवान को फर्श पर खून से लथपथ तड़पते हुए पाया।


परिजनों में मचा कोहराम; जिला पार्षद ने लगाया हत्या का आरोप

राजेंद्र पासवान की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया है। घटना के बाद स्थानीय राजनीति भी गरमा गई है। मदनपुर के जिला पार्षद शंकर यदुवेंदु ने इस घटना पर गहरा संदेह व्यक्त करते हुए इसे जानबूझकर की गई हत्या करार दिया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने और बिहार सरकार से पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।


विधायक ने लोगों को शांत कराया; पुलिस कर रही मामले की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही रफीगंज के विधायक प्रमोद कुमार सिंह मौके पर पहुँचे और आक्रोशित ग्रामीणों व परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। उन्होंने लोगों से कानून पर भरोसा रखने की अपील की और निष्पक्ष न्याय का भरोसा दिलाया। वहीं, मदनपुर थाना पुलिस ने बैंक मैनेजर संजीत कुमार निराला और सुरक्षा गार्ड अभय कुमार सिंह से पूछताछ की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई और मंशा थी।



सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल; बैंक में पसरा सन्नाटा

बैंक जैसी सार्वजनिक और व्यस्त जगह पर सुरक्षा गार्ड द्वारा लोडेड बंदूक की सफाई करने ने सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना के बाद ऊंचौली स्थित इंडियन बैंक की शाखा में सन्नाटा पसरा हुआ है और स्थानीय लोग दहशत में हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और गार्ड की बंदूक को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

दीनानाथ की रिपोर्ट