Bihar Road Accident : घर का बुझ गया चिराग ! बाजार से सामान लेकर लौट रहे युवक को तेज रफ़्तार ट्रक ने रौंदा, मौके पर हुई दर्दनाक मौत

Bihar Road Accident : होली के एन मौके पर औरंगाबाद में घर का इकलौता चिराग बुझ गया. युवक को अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया. जिससे उसकी मौके पर मौत हो गयी.....पढ़िए आगे

Bihar Road Accident : घर का बुझ गया चिराग ! बाजार से सामान ल
बुझ गया घर का चिराग - फोटो : SOCIAL MEDIA

AURANGABAD : जिले में होली की खुशियों के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसार दिया है। बता दें की बीती रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भरथौली शरीफ गांव के समीप एनएच-139 पर तेज रफ्तार ट्रक के चपेट में आ जाने से स्कूटी सवार 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई है। मृतक की पहचान खैरी गांव निवासी स्वर्गीय अरुण सिंह के पुत्र गौरव कुमार के रूप में किया गया है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार गौरव बाजार से घरेलू सामान खरीदकर स्कूटी से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान भरथौली शरीफ गांव के पास तेज गति से आ रही ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक ट्रक भागने के क्रम में गौरव को स्कूटी समेत लगभग 50 मीटर तक घसीटता चला गया। जिसके दौरान गंभीर चोटों लगने के कारण घटनास्थल पर ही युवक की दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद मृतक की पहचान की और परिजनों को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और बेटे की शव देख परिजन दहाड़ मारकर रो पड़े। हालांकि आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्घटना के बाद डाल्टनगंज-पटना मुख्य मार्ग एनएच-139 को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर भरी वाहनों की लंबी कतार लग गई, और आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंच स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद ग्रामीण जाम हटाने पर सहमत हुए और यातायात को बहाल किया गया। वही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया है। 

परिजनों ने बताया कि दो वर्ष पूर्व गौरव के पिता की बीमारी से मृत्यु हो गई थी। गौरव अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि एक बहन अभी अविवाहित है। पिता की मौत के बाद घर की जिम्मेदारी गौरव के कंधों पर आ गई थी। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन उसके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में इस घटना के बाद मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। जहां एक ओर लोग होली की तैयारियों में जुटे थे, वहीं इस हादसे ने पूरे माहौल को शोक में बदल दिया। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त स्थल पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने प्रशासन से दुर्घटना रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है

दीनानाथ की रिपोर्ट