Ara farmer death: आरा में किसान की संदिग्ध मौत से सनसनी! परिजनों ने जहर देकर हत्या का लगाया आरोप
Ara farmer death: आरा के बागर गांव में किसान सूर्यवंश राय की संदिग्ध मौत से सनसनी मच गई। परिजनों ने जहर देकर हत्या करने आरोप लगाया है। इस बीच पुलिस जांच में जुट गई है।
Ara farmer death: आरा के पीरो अनुमंडल क्षेत्र में सिकरहटा थाना अंतर्गत बागर गांव में एक अधेड़ किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उन्हें जहरीला पदार्थ पिलाया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।मृतक की पहचान बागर गांव वार्ड संख्या 12 निवासी सूर्यवंश राय (54 वर्ष) के रूप में हुई है। वह खेती-किसानी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
परिजनों के अनुसार, सूर्यवंश राय हाल ही में गांव के कुछ लोगों के साथ नशा करने गए थे। देर रात वे लड़खड़ाते हुए घर लौटे और सो गए। जब सुबह परिजन उन्हें जगाने पहुंचे तो वह बिस्तर पर मृत पाए गए। इस घटना के बाद घर में कोहराम मच गया और पूरे गांव में खबर फैल गई। मृतक के बड़े भाई ओम नारायण राय ने आरोप लगाया है कि किसी ने साजिश के तहत उन्हें जहरीला पदार्थ पिलाया, जिससे उनकी मौत हुई है। इस आरोप के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
पुलिस के साथ FSL की टीम मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी मिलते ही सिकरहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।सिकरहटा थानाध्यक्ष सनोज कुमार ने बताया कि अभी मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। इस घटना से मृतक के परिवार में गहरा दुख है। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
आरा से आशीष की रिपोर्ट