Ara fire accident: आरा में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, दो बाइक समेत लाखों का सामान स्वाहा
Ara fire accident: आरा में घर में खड़ी बाइक में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इस हादसे में दो बाइक समेत लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
Ara fire accident: बिहार के आरा में घर के अंदर खड़ी एक मोटरसाइकिल में अचानक आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में दो मोटरसाइकिल समेत लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह मामला भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रामपुर मिल्की गांव का है। बताया जा रहा है कि दद्दन पांडे के घर में रात के समय परिवार के सभी लोग सो रहे थे। इसी दौरान घर में खड़ी एक मोटरसाइकिल में अचानक शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई।
आग तेजी से फैल चुकी थी
परिवार के लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान घर में रखी दूसरी मोटरसाइकिल, घरेलू सामान और जानवरों का चारा भी जलकर राख हो गया। आग लगने की इस घटना में संजीत कुमार पांडे गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए आरा के आरके सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अचानक बाइक में आग लग गई
घटना की जानकारी देते हुए संजीत कुमार पांडे के चाचा अखिलेश कुमार पांडे ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। तभी अचानक बाइक में आग लग गई और देखते ही देखते आग पूरे घर में फैल गई।उन्होंने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आग में घर का काफी सामान जल गया और लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी। लेकिन जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तब तक काफी सामान जलकर राख हो चुका था। फिलहाल आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन मामले की जानकारी जुटा रहे हैं।
रिपोर्टर आशीष कुमार भोजपुर आरा