Bihar News : भरत तिवारी के परिजनों से मिले विश्वामित्र सेना के संयोजक राजकुमार चौबे, कहा साजिश के तहत हुई हत्या, दोषी पुलिसकर्मियों को की बर्खास्त करने की मांग

Bihar News : विश्वामित्र सेवा के संयोजक राजकुमार चौबे मृतक भरत तिवारी के घर बिलौटी गांव पहुंचे। जहाँ उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की मांग की है.....पढ़िए आगे

Bihar News : भरत तिवारी के परिजनों से मिले विश्वामित्र सेना
पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की मांग - फोटो : ASHISH

ARA : बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलौटी गांव में युवक भरत तिवारी की पुलिस एनकाउंटर में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश चरम पर है और पीड़ित परिवार लगातार पुलिसकर्मियों पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगा रहा है। अब इस मामले में दोषी पुलिसकर्मियों को तत्काल सेवा से बर्खास्त करने की मांग तेजी से उठने लगी है, जिसने प्रशासनिक महकमे की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

पीड़ित परिवार से मिले विश्वामित्र सेवा के संयोजक

इसी कड़ी में आज विश्वामित्र सेवा के संयोजक राजकुमार चौबे मृतक भरत तिवारी के घर बिलौटी गांव पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल पीड़ित परिवार से मुलाकात की और ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने परिजनों से पूरी घटनाक्रम की सिलसिलेवार जानकारी ली और संकट की इस घड़ी में परिवार को हर संभव कानूनी और सामाजिक मदद देने का भरोसा दिलाया।

'मानसिक विक्षिप्त बताकर गोली मारना प्रशासनिक विफलता'

मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए राजकुमार चौबे ने पुलिसिया कार्रवाई पर तीखे सवाल खड़े किए। उन्होंने साफ तौर पर कहा, "जिस तरह से इस पूरी घटना को अंजाम दिया गया है, वह कहीं से भी पुलिस मुठभेड़ नहीं लगती। यह सीधे तौर पर एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है।" उन्होंने आगे कहा कि यह पूरी तरह से प्रशासनिक विफलता का जीता-जागता उदाहरण है कि पहले एक युवक को मानसिक रूप से विक्षिप्त करार दिया जाता है और फिर पुलिस द्वारा उसे गोली मार दी जाती है।

विश्वामित्र सेना करेगी बड़ा आंदोलन

राजकुमार चौबे ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि इस बर्बरतापूर्ण कृत्य में शामिल जो भी पुलिसकर्मी या लोग हैं, उन्हें कानून के दायरे में लाकर कड़ी से कड़ी सजा दिलाना बेहद जरूरी है। उन्होंने एलान किया कि न्याय की इस लड़ाई में विश्वामित्र सेना पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। इस घटना के विरोध में और दोषियों की बर्खास्तगी की मांग को लेकर अब आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

आशीष की रिपोर्ट