Bihar Road Accident : भोजपुर में अज्ञात वाहन ने राजमिस्त्री को कुचला, अस्पताल जाने के दौरान हुई मौत, सात बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Bihar Road Accident : भोजपुर में अज्ञात वाहन ने राजमिस्त्री

ARA : बिहिया–बिहटा स्टेट हाईवे मंगलवार की सुबह एक बार फिर खून से लाल हो गया। भोजपुर जिले के इमादपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजपुर मोड़ के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार राजमिस्त्री को बेरहमी से कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जबकि घायल राजमिस्त्री सड़क पर तड़पता रहा।

काम पर जाने के दौरान रास्ते में ही झपटी मौत

मृतक की पहचान रोहतास जिले के कच्छवां थाना क्षेत्र के घरवासडीह गांव निवासी श्रीराम पासवान उर्फ बूटा (32 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पेशे से राजमिस्त्री था और अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए भोजपुर के बहुआरा गांव में काम करने जा रहा था। सुबह-सुबह घर से खुशी-खुशी काम के लिए निकले श्रीराम को क्या पता था कि यह उसका आखिरी सफर साबित होगा। राजपुर मोड़ के पास काल बनकर आए वाहन ने उसकी जिंदगी छीन ली।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और सूचना मिलते ही इमादपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मानवता दिखाते हुए घायल श्रीराम को तुरंत तरारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पहुँचाने का प्रयास किया। हालांकि, घाव इतने गहरे थे कि अस्पताल की दहलीज पार करने से पहले ही उसकी सांसें थम गईं। अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जिससे वहां मौजूद लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।

सात बच्चों के सिर से उठा साया, बिलख उठा परिवार

श्रीराम पासवान अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसकी मौत ने न केवल एक पत्नी का सुहाग छीना, बल्कि सात मासूम बच्चों के भविष्य पर भी अंधेरा छा दिया है। उसके पीछे पत्नी अनीता देवी और सात बच्चे—छह बेटियां (खुशबू, खुशी, चंदा, नंदा, रौशनी, अंशिका) और एक छोटा बेटा अंश हैं। जो पिता सुबह बच्चों के लिए रोटी कमाने निकला था, उसके कफन में लिपटे शव की खबर ने पूरे घर को उजाड़ दिया है।

अस्पताल परिसर में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। पत्नी अनीता देवी की चीखें और पिता को पुकारते बच्चों की सिसकियां सुन अस्पताल में मौजूद हर व्यक्ति की आंख नम हो गई। इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

आशीष की रिपोर्ट