Bihar News : जन सुराज की बैठक में जमकर हुआ हंगामा, कार्यकर्ताओं ने लगाया उपेक्षा का आरोप, बीच सभा से निकले प्रदेश अध्यक्ष

Bihar News : भोजपुर में आयोजित जन सुराज की बैठक में जमकर हंगामा हो गया. कार्यकर्ताओं ने उपेक्षा का आरोप लगाया है......पढ़िए आगे

Bihar News : जन सुराज की बैठक में जमकर हुआ हंगामा, कार्यकर्त
जन सुराज में बवाल - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले में संगठन विस्तार को लेकर आयोजित जन सुराज की जिला इकाई की बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। जिला कार्यालय में चल रही इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर उपेक्षा का गंभीर आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि नई जिला कमेटी के गठन को लेकर उनसे कोई सलाह-मशविरा नहीं किया गया है। हंगामे और विरोध को बढ़ता देख जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती नाराज होकर बैठक के बीच से ही निकल गए।

कार्यकर्ताओं का फूटा गुस्सा

जानकारी के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती नई जिला कमेटी की घोषणा और संगठन की मजबूती पर चर्चा करने के लिए आरा पहुंचे थे। जैसे ही बैठक शुरू हुई, कार्यकर्ताओं ने अपनी नाराजगी जाहिर करना शुरू कर दी। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जो लोग जमीन पर काम कर रहे हैं, उन्हें दरकिनार कर बंद कमरों में फैसले लिए जा रहे हैं। इसी बात को लेकर बैठक में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जिसके बाद स्थिति अनियंत्रित हो गई।

प्रदेश अध्यक्ष का वॉकआउट

कार्यकर्ताओं के इस व्यवहार और हंगामे से क्षुब्ध होकर प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने बैठक को बीच में ही छोड़ दिया और बाहर निकल गए। हालांकि, इस दौरान वहां मौजूद कई कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोकने और मनाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं रुके और सीधे वापस चले गए। उनके अचानक चले जाने के बाद कार्यालय में काफी देर तक अफरा-तफरी और उपापोह की स्थिति बनी रही।

विरोध के कारण संगठन विस्तार पर रोक

मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने बताया कि बिहार के 17 जिलों में नए संगठन की घोषणा सफलतापूर्वक की जा चुकी है और भोजपुर में भी आज यह प्रक्रिया पूरी होनी थी। लेकिन कार्यकर्ताओं के विरोध और असंतोष को देखते हुए फिलहाल भोजपुर में नई कमेटी के गठन को रोक दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन सुराज कार्यकर्ताओं की पार्टी है और यदि संगठन विस्तार को लेकर कोई शिकायत है, तो उसे भविष्य में देखा जाएगा।

आगामी रणनीति और जनसंपर्क

प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता एक बार फिर पूरे बिहार का दौरा करेंगे। उन्होंने बताया कि जन सुराज के सदस्य जनता के बीच जाकर वर्तमान सरकार की विफलताओं को उजागर करेंगे। अगले 5 वर्षों तक कड़ी मेहनत कर जनता का विश्वास जीतने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, स्थानीय कार्यकर्ताओं में इस बात को लेकर अब भी रोष है कि उनके सुझावों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे आगामी दिनों में संगठन के भीतर की गुटबाजी बढ़ सकती है।

आशीष की रिपोर्ट