Bihar News : News4nation की खबर का असर, आरा में 24 घंटे में दूर हुई जलजमाव की समस्या, लोगों ने प्रशासन का जताया आभार

Bihar News : आरा में news4nation पर खबर चलने के बाद 24 घंटे में जलजमाव की समस्या दूर कर दी गयी है. लोगों ने निगम प्रशासन का आभार जताया

Bihar News : News4nation की खबर का असर, आरा में 24 घंटे में
जलजमाव की समस्या दूर - फोटो : ashish

ARA : न्यूज4 नेशन पर खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन की नींद खुली। इसके बाद आरा नगर निगम के वार्ड 44 में जलजमाव की समस्या को दूर कर दिया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। बताते चलें की आरा नगर निगम के अस्तित्व में आने के करीब दो दशक बीत जाने के बावजूद शहर के कई इलाकों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। इसका ताजा उदाहरण नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-44 स्थित रेलवे स्टेशन से सटे अनाइठ मठिया इलाके में देखने को मिल रहा था, जहां लंबे समय से जलजमाव की समस्या के कारण स्थानीय लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा था।

क्षेत्र में नाले का गंदा पानी सड़क पर जमा रहने से लोगों को रोजाना उसी पानी से होकर आने-जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था। हालात ऐसे थे कि पैदल राहगीरों से लेकर स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों तक को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। गंदे पानी के बीच आवागमन से दुर्घटना और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जलजमाव की यह समस्या कोई नई नहीं थी, बल्कि काफी समय से बनी हुई थी। कई बार नगर निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इसकी शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया था। लोगों का आरोप था कि नियमित रूप से टैक्स देने के बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। निवासियों के अनुसार जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण नाले का पानी सड़क पर फैल जाता था, जिससे हजारों की आबादी प्रभावित हो रही थी। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती तथा लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता था।

स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी थी कि यदि जल्द ही जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। लोगों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कर क्षेत्रवासियों को इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की थी। हालाँकि अब समस्या दूर हो जाने से लोगों ने नगर निगम प्रशासन का आभार जताया है।