Bihar News:भोजपुरी इंडस्ट्री में धोखाधड़ी का सुर, गायक ने राइटर पर लगाया गाना बेचने का इल्ज़ाम, करियर बर्बाद करने की साजिश का दावा
Bihar News: भोजपुरी इंडस्ट्री के एक उभरते गायक ने अपने ही गीतकार पर धोखाधड़ी और करियर बर्बाद करने की साजिश जैसे संगीन इल्ज़ाम जड़ दिए हैं।
Bihar News: आरा से भोजपुरी इंडस्ट्री को हिला देने वाला एक बड़ा विवाद सामने आया है, जहां एक उभरते गायक ने अपने ही गीतकार पर धोखाधड़ी और करियर बर्बाद करने की साजिश जैसे संगीन इल्ज़ाम जड़ दिए हैं। इस पूरे मामले ने इंडस्ट्री के अंदर चल रहे अंदरखाने के खेल को उजागर कर दिया है।
मामला गायक अनिरुद्ध यादव और गीतकार जितेंद्र यादव के बीच का है। आरोप है कि जितेंद्र यादव ने अपने लिखे हुए गानों को अनिरुद्ध यादव को गाने के लिए दिया और इसके एवज में पैसे भी वसूल किए। लेकिन हैरानी की बात तब सामने आई जब वही गाना किसी दूसरे गायक की आवाज़ में रिलीज कर दिया गया। अनिरुद्ध यादव का कहना है कि यह सीधा-सीधा धोखा और फरेब है। उन्होंने आरोप लगाया कि राइटर ने जानबूझकर उनके साथ डबल गेम खेला, ताकि दूसरे कलाकार को फायदा पहुंचाया जा सके और उनका करियर चौपट हो जाए। उनके मुताबिक, इस सौदे के पैसे देने के पुख्ता सबूत भी उनके पास मौजूद हैं।
आरा के होटल ग्रांड में आयोजित प्रेस वार्ता में अनिरुद्ध यादव और गायिका अनुराधा कुमारी ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि छोटे कलाकारों के साथ इस तरह का जालसाजी इंडस्ट्री में आम हो गया है, जिससे उनका भविष्य अंधकार में जा रहा है। गायक ने मांग की है कि गीतकार जितेंद्र यादव सार्वजनिक तौर पर माफी मांगें, अन्यथा वे उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अब वे पुलिस प्रशासन और न्यायालय का दरवाजा खटखटाने को मजबूर हैं।
वहीं, इस पूरे विवाद में दूसरा पक्ष यानी जितेंद्र यादव फिलहाल चुप्पी साधे हुए हैं। उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ, जिससे उनका पक्ष सामने नहीं आ सका है। यह मामला भोजपुरी इंडस्ट्री में हंगामा और सवालों का तूफान खड़ा कर चुका है क्या सच में हुआ है सौदे का घोटाला या है इसके पीछे कोई और कहानी, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।
रिपोर्टर आशीष कुमार