Bihar News: शॉर्ट सर्किट ने मचाई तबाही, आरा की इलेक्ट्रॉनिक दुकान में लगी आग, लाखों का सामान राख

Bihar News: एक बड़े इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में आग लगने की घटना सामने आई।

Short Circuit Sparks Fire Electronics Worth Lakhs Destroyed
शॉर्ट सर्किट ने मचाई तबाही- फोटो : reporter

Bihar News:भोजपुर जिले के आरा शहर स्थित शिवगंज इलाके में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बड़े इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में आग लगने की घटना सामने आई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी, जिससे दुकान में रखा लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया।

घटना नगर थाना क्षेत्र के शिवगंज की है। बताया जा रहा है कि रात में दुकान बंद होने के बाद सभी कर्मचारी और मालिक घर चले गए थे। इसी दौरान दुकान के पहले फ्लोर पर अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटों ने दुकान में रखे कई महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अपनी चपेट में ले लिया।

इस हादसे में कूलर, फ्रिज, वाशिंग मशीन, एयर कंडीशनर (एसी) समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह जल गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

दुकान के प्रोपराइटर ने बताया कि वह रोज की तरह रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो आग लगने और भारी नुकसान की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि आग की वजह से दुकान में रखा अधिकांश सामान नष्ट हो गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर आग पहले फ्लोर तक सीमित नहीं रहती तो आसपास की अन्य दुकानों और इमारतों को भी भारी नुकसान हो सकता था। इस घटना ने बाजार क्षेत्र के व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और व्यापारी बिजली सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं।

रिपोर्ट- आशीष कुमार