Munger Crime: मुंगेर में भ्रष्टाचार पर गाज! दो पुलिसकर्मी सस्पेंड, विभाग में हड़कंप

Munger Crime: मुंगेर में एसपी ने भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया। इस वजह से विभाग में हड़कंप मच गया।

Munger Crime
भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं!- फोटो : news4nation

Munger Crime:  मुंगेर में पुलिस विभाग में सख्ती दिखाते हुए एसपी सैयद इमरान मसूद ने भ्रष्टाचार और लापरवाही के मामलों में दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हलचल तेज हो गई है। कासिम बाजार थाना में तैनात एएसआई अनिकेत कुमार झा पर आरोप था कि वह पुराने आरोपियों के संपर्क में रहते थे और थाना परिसर में गलत तरीके से बैठकी करते थे। इस मामले की जांच कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद उन्हें तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया।

दूसरी ओर, मुफस्सिल थाना में तैनात पीटीसी अभिषेक कुमार पर चरित्र सत्यापन के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा था। शिकायत में यह भी कहा गया कि अगर कोई पैसे नहीं देता था, तो उसका काम जानबूझकर रोक दिया जाता था। जांच के बाद ये आरोप भी सही पाए गए और उन्हें भी निलंबित कर दिया गया। एसपी सैयद इमरान मसूद ने साफ कहा कि विभाग में किसी भी तरह का भ्रष्टाचार या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी कर्मचारी ईमानदारी से काम नहीं करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग के अंदर साफ संदेश गया है कि लापरवाही या गलत काम करने वालों पर सीधे कदम उठाए जाएंगे।

मुंगेर से इम्तियाज से की रिपोर्ट