Bihar Crime : भोजपुर में बदमाशों ने गोली मारकर की युवक की हत्या, घर में घुसकर सिर में मारीं 4 गोलियां, इलाके में मचा हड़कंप
Bihar Crime : भोजपुर में अपराधियों ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। युवक के सिर में 4 गोलियां मारी गयी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है......पढ़िए आगे
ARA : भोजपुर में रविवार की शाम अपराधियों ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने युवक के सिर में 4 गोलियां मारी। हालाँकि स्थानीय लोग उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मृतक जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रूपबांध गांव निवासी दशरथ यादव के बेटे राजेश यादव (32) हैं।जो पेशे से किसान था। परिजनों के अनुसार, उसकी मां फुलझारो देवी का बिहिया के एक निजी अस्पताल में जख्म का ऑपरेशन हुआ था। इलाज के लिए पैसों की जरूरत थी, इसलिए राजेश अपने चाचा हुलास यादव के साथ कटेया गांव एक रिश्तेदार से रुपए लेने जा रहे थे।
राजेश के सिर में पहले एक गोली लगी। जिसके बाद वे गिर गए तो बदमाशों ने 3 और गोली सिर में मार दी। घटना बिहिया थाना क्षेत्र के टिपुरा गांव की है।प्रत्यक्षदर्शी चाचा हुलास यादव ने कहा कि हमलोग टिपुरा गांव पहुंचे थे। तभी पहले से घात लगाकर बैठे योगेंद्र यादव, बली यादव समेत 3-4 बदमाशों ने हमारी बाइक रुकवाई। राजेश के साथ गाली-गलौज करने लगे और मारपीट की।
जान बचाने के लिए राजेश भागकर पास के एक घर में घुस गया, लेकिन अपराधियों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। एक बदमाश ने पिस्टल निकाली और गोली मार दी। मैंने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, पर वे लोग मुझे धक्का देकर फायरिंग करते हुए फरार हो गए।वारदात की सूचना मिलते ही जगदीशपुर एसडीपीओ पंकज कुमार मिश्रा, जगदीशपुर थाना, बिहिया थाना, शाहपुर थाना के साथ SIT पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
मृतक अपने पीछे पत्नी सीमा देवी, छह साल के बेटे आरुष, मां फुलझारो देवी, एक भाई मुन्ना यादव और बहन फुलकुमारी को छोड़ गया है।मौके पर पहुंचे जगदीशपुर एसडीपीओ पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। मृतक के खिलाफ हत्या सहित 8 संगीन मामले दर्ज थे और उसका कुछ लोगों से पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस ने आरोपितों के घर पर छापेमारी कर एक पिस्टल और एक मैगजीन बरामद की है। घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
आशीष की रिपोर्ट