Bihar News : भोजपुर में स्वर्ण व्यवसायी को अपराधियों ने गर्दन में मारी गोली, 112 की पुलिस टीम ने बचाई जान

Bihar News : भोजपुर जिले के तरारी प्रखंड अंतर्गत कुरमुरी-तरारी नहर मार्ग पर बेखौफ अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को गोली मार दी। जिसके बाद स्थानीय व्यवसायियों में दहशत का माहौल है.......पढ़िए आगे

Bihar News : भोजपुर में स्वर्ण व्यवसायी को अपराधियों ने गर्द
युवक को मारी गोली - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले के तरारी प्रखंड अंतर्गत कुरमुरी-तरारी नहर मार्ग पर बेखौफ अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को गोली मार दी। घटना में गंभीर रूप से घायल व्यवसायी की पहचान कुरमुरी गांव निवासी भोला साह (पिता- शिव दयाल साह) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय व्यवसायियों में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, भोला साह देव बाजार स्थित अपनी सोना-चांदी और बर्तन की दुकान बंद कर स्प्लेंडर बाइक से अपने घर कुरमुरी लौट रहे थे। इसी दौरान चंदा फाल के समीप पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया और गोली चला दी। गोली सीधे भोला साह की गर्दन में जा लगी, जिससे वे लहूलुहान होकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

गोली लगने के बावजूद भोला साह ने हिम्मत नहीं हारी और किसी तरह अपनी जान बचाते हुए बाइक चलाकर फतेहपुर बाजार तक पहुंचे, जहां वे सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़े। इसी बीच रात्रि गश्ती से लौट रही डायल 112 की पुलिस टीम की नजर सड़क पर पड़े खून से लथपथ व्यवसायी पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने बिना वक्त गंवाए उन्हें तुरंत पीरो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया।

पीरो पीएचसी में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए तुरंत आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अस्पताल पहुंचकर घायल व्यवसायी से घटना की जानकारी ली और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस प्रशासन ने मामले की सघन जांच शुरू कर दी है। चंदा फाल और आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर अज्ञात हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस लूटपाट के प्रयास या किसी पुरानी रंजिश समेत सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।

आशीष की रिपोर्ट