आरा में संदिग्ध युवक को लोगों ने पकड़ा, खंभे से बांधकर रखा, मची अफरातफरी
Bihar News : भोजपुर जिले के आरा शहर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया। घटना नगर थाना क्षेत्र के बिजली रोड की है, जहां युवक की गतिविधियों पर शक होने के बाद लोगों ने उसे घेर लिया और घंटों तक बंधक बनाए रखा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा था।
उसकी गतिविधियां देखकर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई और युवक से पूछताछ शुरू कर दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक को लोगों के कब्जे से मुक्त कराया और उसे अपने साथ थाने ले गई। इस दौरान इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
स्थानीय लोगों का दावा है कि युवक बाहरी क्षेत्र का रहने वाला है। कुछ लोगों ने उसे बांग्लादेशी नागरिक बताते हुए हंगामा भी किया। हालांकि पुलिस या प्रशासन की ओर से अब तक इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हालांकि उसके पास से उतर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के पते वाला आधार कार्ड मिला है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक से पूछताछ की जा रही है और उसकी पहचान तथा गतिविधियों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के कारण बिजली रोड इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। युवक को थाने ले जाने के बाद स्थिति सामान्य हुई। फिलहाल नगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और युवक के संबंध में सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
आशीष की रिपोर्ट