Bihar News:भीषण गर्मी से बिजली व्यवस्था पर संकट, ट्रांसफार्मरों पर डाला जा रहा ठंडा पानी, बढ़ते लोड से बार-बार ट्रिप हो रही सप्लाई

Bihar News:बढ़ते तापमान और बिजली की रिकॉर्ड खपत के कारण ट्रांसफार्मरों पर दबाव काफी बढ़ गया है। ऐसे में विभाग के कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।...

Bihar News:भीषण गर्मी से बिजली व्यवस्था पर संकट, ट्रांसफार्म
बिजली व्यवस्था पर संकट- फोटो : SOCIAL MEDIA

Bihar News: भोजपुर जिले समेत पूरे बिहार में पड़ रही भीषण गर्मी ने आम जनजीवन के साथ-साथ बिजली व्यवस्था की भी परीक्षा लेनी शुरू कर दी है। लगातार बढ़ते तापमान और बिजली की रिकॉर्ड खपत के कारण बिजली ट्रांसफार्मरों पर दबाव काफी बढ़ गया है। ऐसे में बिजली विभाग के कर्मचारी ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित और सुचारु रूप से चालू रखने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।

आरा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग एसी, कूलर और पंखों का अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे बिजली लोड में भारी इजाफा हुआ है। बढ़ते लोड और ऊंचे तापमान के कारण ट्रांसफार्मरों के ओवरहीट होने का खतरा भी बढ़ गया है। इसे देखते हुए बिजली विभाग ने विशेष निगरानी अभियान शुरू किया है।

बिजलीकर्मी नियमित रूप से ट्रांसफार्मरों की जांच कर रहे हैं और उन्हें ठंडा रखने के लिए आवश्यक कदम उठा रहे हैं। कई जगहों पर ट्रांसफार्मरों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है, जबकि तकनीकी टीम लगातार तापमान और लोड की मॉनिटरिंग में जुटी हुई है। विभाग का उद्देश्य है कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलती रहे और किसी तरह की तकनीकी खराबी से बचा जा सके।

बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में बिजली खपत अपने उच्चतम स्तर के करीब पहुंच गई है। ऐसे में उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि वे जरूरत के अनुसार ही बिजली का उपयोग करें और अनावश्यक विद्युत उपकरणों को बंद रखें, ताकि बिजली व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव न पड़े। भीषण गर्मी के इस दौर में बिजलीकर्मियों की मेहनत और सतर्कता ही व्यवस्था को संभाले हुए है। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच फील्ड में तैनात कर्मचारी लगातार काम कर रहे हैं ताकि लोगों को राहत देने वाली बिजली आपूर्ति बाधित न हो। विभाग का दावा है कि आने वाले दिनों में भी बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेगा।

रिपोर्टर-आशीष कुमार