Bihar Flood: गंगा के बढ़ते जलस्तर से हड़कंप, रेस्क्यू में जुटी एसडीआरएफ की टीम
Bihar Flood: भोजपुर जिले में गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर ने निचले इलाकों में चिंता बढ़ा दी है। ...
Bihar Flood: भोजपुर जिले में गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर ने निचले इलाकों में चिंता बढ़ा दी है। बाढ़ के संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में आरा सदर प्रखंड के मंझौवा क्षेत्र में एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर बाढ़ प्रभावित इलाके में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एसडीआरएफ के जवानों ने प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। प्रशासन की ओर से किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ की टीम को जिले में तैनात रखा गया है। टीम को संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों पर लगातार नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी भोजपुर मनेश कुमार मीणा के निर्देश पर राहत और बचाव व्यवस्था को सक्रिय रखा गया है। प्रशासन का फोकस उन इलाकों पर है, जहां गंगा के जलस्तर में वृद्धि के कारण पानी फैलने की आशंका बनी हुई है। एसडीआरएफ की टीम को भी किसी भी तरह की आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रखा गया है।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी के किनारे और निचले इलाकों में जाने से पूरी तरह परहेज करें। विशेष रूप से बच्चों को नदी और बाढ़ के पानी से दूर रखने की हिदायत दी गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की है।अधिकारियों के मुताबिक, जलस्तर और बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जरूरत के मुताबिक प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू और राहत कार्य को और तेज किया जाएगा।
रिपोर्ट- आशीष कुमार