Bihar News:थाने के सामने बेलगाम ट्रक ने साइकिल सवार को रौंदा, मौत के बाद लोगों ने जमकर किया हंगामा
Bihar News: भोजपुर जिले में एक बार फिर बेलगाम रफ्तार का कहर देखने को मिला।...
Bihar News: भोजपुर जिले में एक बार फिर बेलगाम रफ्तार का कहर देखने को मिला। उदवंतनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। हादसा उदवंतनगर थाना के ठीक सामने सासाराम-आरा मुख्य पथ पर हुआ, जहां पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।मृतक की पहचान उदवंतनगर के महादलित टोला निवासी संतोष राम, पिता बिहारी राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संतोष राम साइकिल से आरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को थाने के समीप रखकर हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने थाना का घेराव करते हुए सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण सासाराम-आरा मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि उदवंतनगर थाना के ठीक सामने सड़क के दोनों ओर बड़े-बड़े ट्रेलर और ट्रक खड़े रहते हैं। इससे सड़क पर वाहनों को साइड लेने तक की पर्याप्त जगह नहीं मिलती। ग्रामीणों का कहना है कि इसी वजह से यहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय ग्रामीण बबलू सिंह ने कहा कि इलाके में लगातार लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं और एक बार फिर एक युवक की जान चली गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि सड़क के दोनों किनारों पर इस तरह भारी वाहनों को खड़ा नहीं किया गया होता तो संभव है कि हादसे को टाला जा सकता था। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह और भारी वाहनों की पार्किंग की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद काफी देर तक आक्रोशित लोग किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे। बाद में प्रशासन की ओर से समझाने-बुझाने और राहत राशि दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ। उदवंतनगर के अंचलाधिकारी की ओर से दुर्घटना राहत कोष से मृतक के परिवार को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की गई। इसके बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े होने वाले भारी वाहनों पर कार्रवाई और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस इंतजाम की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और हादसे से जुड़े तथ्यों को खंगाला जा रहा है।
रिपोर्टर -आशीष कुमार