Bihar Crime: आरा में पकड़ा गया ड्रग माफिया, पकड़ी गई 2 करोड़ की ब्राउन शुगर, मणिपुर के 2 खूंखार तस्करों को पुलिस ने दबोचा
Bihar Crime, Ara News, Ara Crime, Bhojpur News, Bhojpur Crime
Ara: जिले में नशे के कारोबारियों का जाल एक बार फिर पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। भोजपुर पुलिस और बिहार नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की संयुक्त टीम ने बुधवार को नवादा थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड हनुमान मंदिर के पास से करीब डेढ़ किलो ब्राउन शुगर की खेप जब्त कर दो अंतरराज्यीय ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। जब्त की गई ब्राउन शुगर की कीमत बाजार में दो करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।
पुलिस की सूत्रों के मुताबिक दोनों तस्कर मणिपुर से ट्रेन के जरिए भारी मात्रा में ब्राउन शुगर की सप्लाई लेकर आरा पहुंचे थे। गिरफ्तार तस्करों की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के सहजौली गांव निवासी शिवजी साह के बेटे गणेश साह और बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के जोगिया गांव निवासी स्वर्गीय जीतेंद्र गुप्ता के बेटे राजू कुमार गुप्ता उर्फ विनोद गुप्ता के रूप में हुई है। दोनों ही लंबे समय से नशे के इस काले कारोबार में सक्रिय बताए जा रहे हैं। भोजपुर एसपी राज ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि मणिपुर से ब्राउन शुगर की बड़ी खेप ट्रेन से आरा लाई जा रही है।
टीम ने रेलवे स्टेशन के आसपास घेराबंदी कर ली। दोनों तस्कर आरा स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर पैदल ही जा रहे थे। तभी स्टेशन रोड हनुमान मंदिर के समीप पुलिस ने उन्हें घेर लिया। तलाशी के दौरान गणेश साह के पीठू बैग से 1 किलो 20 ग्राम ब्राउन शुगर के दो पैकेट बरामद हुए, जबकि राजू कुमार गुप्ता उर्फ विनोद ने अपने शरीर पर गमछे में बांधकर 512 ग्राम ब्राउन शुगर छुपा रखी थी। ऊपर से शर्ट पहनकर वह सामान्य यात्री जैसे दिख रहा था। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि यह खेप मणिपुर से लाई गई थी। उनके पास से 24 सौ रुपये नकद और दोनों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए। पुलिस अब इन मोबाइल्स की जांच से पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। पता लगाया जा रहा है कि यह ब्राउन शुगर आरा से आगे कहां सप्लाई की जानी थी।
दोनों तस्करों के पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। गणेश साह असम के गुवाहाटी में और राजू कुमार गुप्ता मणिपुर के सेनापति जिले के मैकरेलू बाजार कॉलोनी में रहता था। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत नवादा थाने में दर्ज मुकदमे के आधार पर की गई। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस ड्रग रैकेट का पूरा सुल्तान और उसके सहयोगी भी पकड़े जाएंगे। यह कार्रवाई बिहार में बढ़ते ड्रग तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्ती का सबूत है। आरा जैसे छोटे शहर में भी मणिपुर-बिहार का यह नशे का तार जुड़ना युवाओं के भविष्य के लिए खतरा बन गया है।
रिपोर्टर आशीष कुमार