Bhojpur Crime: भोजपुर में लड़की से बात करने पर विवाद, युवक को मारी गोली
Bhojpur Crime: भोजपुर में लड़की से बात करने से मना करने पर युवक को गोली मारी दी गई। इसके बाद घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है।
Bhojpur Crime: बिहार के भोजपुर जिले में एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक ने अपने जीजा के भाई को एक लड़की से बात करने से मना किया था। इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने उसे गोली मार दी। घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है।घटना कारनामेपुर थाना क्षेत्र के ओझवलिया मोड़ के पास हुई। घायल युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नौरंगा गांव निवासी 25 वर्षीय सोनू कुमार ठाकुर के रूप में हुई है। वह डेयरी चलाने का काम करता है।
सोनू कुमार ने बताया कि उसके बड़े भाई का साला साधु राय रविवार सुबह उसके घर आया था। दोनों घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान साधु राय एक युवती से मोबाइल पर बात कर रहा था। जब सोनू ने पूछा तो उसने बताया कि वह ओझवलिया गांव की एक लड़की से बात कर रहा है। इस पर सोनू ने उसे समझाते हुए कहा कि उस लड़की का परिवार उसकी डेयरी में दूध देता है और गांव में लोग गलत बातें करेंगे।इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि साधु राय गाली-गलौज करने लगा। जब सोनू की पत्नी बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपी ने उसके साथ भी अभद्र व्यवहार किया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और वहां से चला गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
सोनू ने बताया कि बाद में वह दूध लेकर बक्सर जिले के पररी गांव स्थित अमूल डेयरी जा रहा था। तभी ओझवलिया मोड़ के पास आरोपी बाइक से उसका पीछा करते हुए पहुंचा। आरोपी ने उसकी गाड़ी ओवरटेक कर रोक ली और गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने कमर से कट्टा निकाला और गोली चला दी। गोली सोनू के बाएं हाथ की बांह में लगी और सीने में जा धंस गई। गोली लगने के बाद घायल हालत में सोनू ने अपने भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
आरा से आशीष की रिपोर्ट