Bhojpur road accident: तेज रफ्तार बाइक ने ली मजदूर की जान! भोजपुर के सहंगी मोड़ पर दर्दनाक हादसा
Bhojpur road accident: भोजपुर के गड़हनी में सहंगी मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार मजदूर भगवान पासवान को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई। पुलिस जांच में जुटी है।
Bhojpur road accident: भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। हादसा सहंगी मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल से जा रहे मजदूर को जोरदार टक्कर मार दी। मृतक की पहचान धमनियां गांव निवासी स्वर्गीय गुटूर पासवान के 50 वर्षीय पुत्र भगवान पासवान के रूप में हुई है।
कोयला फैक्ट्री से काम कर लौट रहे थे घर
जानकारी के अनुसार, भगवान पासवान कोयला फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। काम खत्म करने के बाद वह साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सहंगी मोड़ के समीप तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल मजदूर को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम
भगवान पासवान की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुए हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद गड़हनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों और बाइक सवार के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर आशीष कुमार भोजपुर आरा