Bihar News : भोजपुर पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग गिरोह का किया पर्दाफाश, 9 शातिर अपराधियों को किया गिरफ्तार, दर्जनों मोबाइल और बैंकिंग दस्तावेज किया बरामद
Bihar News : करोड़ों के संदिग्ध लेन-देन पर भोजपुर साइबर थाने की टीम ने बड़ा एक्शन लिया. इस मामले में दानापुर से 9 शातिर अपराधी दबोचे गए....पढ़िए आगे
ARA : बिहार की भोजपुर जिला पुलिस को साइबर अपराधियों के खिलाफ एक बेहद बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग के आड़ में देशव्यापी साइबर फ्रॉड चलाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की विशेष टीम ने पटना के दानापुर अंतर्गत आर.के. पुरम इलाके में छापेमारी कर गिरोह के 9 शातिर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। अपराधियों के पास से भारी मात्रा में डिजिटल गैजेट्स और बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल वे ठगी के लिए करते थे।
करोड़ों के ट्रांजैक्शन से खुला राज
इस पूरे सिंडिकेट का खुलासा तब हुआ जब 29 मई 2026 को पुलिस को दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक के तीन अलग-अलग खाता संख्याओं (खाता सं०- 70060100236046, 70060100235988 एवं 70060100235872) में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन की गुप्त सूचना मिली। जब इन बैंक खातों को केंद्रीय NCRP और उनसे जुड़े मोबाइल नंबरों को Samanvaya Portal पर खंगाला गया, तो पता चला कि इन खातों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी की कई शिकायतें पहले से ही दर्ज हैं।
तकनीकी सर्विलांस और एसडीआर की मदद से दानापुर में लोकेट हुआ गिरोह
भोजपुर साइबर सेल ने जब तकनीकी अनुसंधान को आगे बढ़ाया, तो गिरोह के द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे दो मुख्य मोबाइल नंबर 8228848571 एवं 7631236736 सर्विलांस पर आए। टावर लोकेशन और एसडीआर की जांच से पता चला कि ये नंबर अनुप कुमार, पिता- अरुण सिंह, निवासी- बलिगाँव, थाना- आयर, भोजपुर के नाम पर रजिस्टर्ड हैं, लेकिन इनका वर्तमान लाइव लोकेशन पटना का दानापुर स्थित आर.के. पुरम है। इसके तुरंत बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से उक्त ठिकाने पर छापेमारी कर दी।
46 मोबाइल, 7 लैपटॉप और दर्जनों एटीएम-पासबुक समेत भारी मात्रा में सामान जब्त
गिरफ्तार अपराधियों के पास से साइबर अपराध का एक पूरा मिनी सेंटर संचालित हो रहा था। पुलिस ने मौके से 46 स्मार्टफोन और 07 अत्याधुनिक लैपटॉप, 32 एक्टिवेटेड सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों के 52 डेबिट/क्रेडिट कार्ड, 19 बैंक पासबुक और 01 पेटीएम क्यूआर स्कैनर, 05 आधार कार्ड, 04 पैन कार्ड और 02 वोटर आईडी कार्ड जब्त किया।
'ऑनलाइन गेमिंग एक्ट 2025' के तहत दर्ज हुई एफआईआर
गिरफ्तार सभी 9 आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच भोजपुर साइबर थाना लाया गया। पुलिस के लिखित बयान के आधार पर भोजपुर साइबर थाना कांड संख्या-40/26 दर्ज की गई है। अपराधियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4)/319(2) [जालसाजी और धोखाधड़ी], आईटी एक्ट की धारा 66(C)/66(D), प्रमोशन एंड रेगुलेशन ऑफ ऑनलाइन गेमिंग एक्ट 2025 की धारा (9)/(3), आधार अधिनियम 2016 की धारा 42, तथा टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की विभिन्न सुसंगत और कड़क धाराओं के तहत केस दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार अपराधियों की पूरी सूची
इस मामले में अभिषेक कुमार उर्फ गोलू कुमार सिंह (25 वर्ष), विकास कुमार, आकाश सिंह, सत्येन्द्र प्रसाद, प्रमोद कुमार, रोहित कुमार, अनुज कुमार, सरोज कुमार और राहुल कुमार को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी भोजपुर जिले के निवासी बताये जा रहे हैं।
आशीष की रिपोर्ट