Bhojpur Accident: भोजपुर में तेज रफ्तार का कहर! ऑटो की टक्कर से 65 वर्षीय दूध कारोबारी की मौत

Bhojpur Accident: भोजपुर में तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से साइकिल सवार 65 वर्षीय दूध कारोबारी की मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

Bhojpur Accident
भोजपुर में सड़क हादसा!- फोटो : news4nation

Bhojpur Accident: भोजपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक बुजुर्ग दूध कारोबारी की जान चली गई। यह घटना नावां-रजमलडीह गांव के पास बने पुल के नजदीक हुई, जहां एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ऑटो ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी।

मृतक की पहचान नावां गांव के रहने वाले 65 वर्षीय लाल मोहर सिंह के रूप में हुई है। वह खेती के साथ-साथ दूध बेचने का काम करते थे और रोज की तरह उस दिन भी सुबह साइकिल से दूध लेकर डेयरी जा रहे थे। तभी रास्ते में एक तेज रफ्तार ऑटो ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल

घटना की जानकारी मिलते ही उनके बेटे बीरेंद्र मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके पिता सड़क पर खून से लथपथ पड़े थे। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पहले उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। घर में पत्नी असरफी देवी, दो बेटे बीरेंद्र और विवेक, और तीन बेटियां ललिता कुमारी, आशा और धर्मशिला कुमारी हैं। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस भी मौके पर पहुंची 

सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर किया है।

आरा से आशीष की रिपोर्ट