Arrah mobile dispute: मोबाइल और रील्स बना विवाद की वजह, महिला की मौत से सदमे में परिवार

Arrah mobile dispute: आरा में मोबाइल और रील्स देखने को लेकर पति-पत्नी के विवाद के बाद गर्भवती महिला ने जहर खा लिया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।

Arrah mobile dispute
आरा में गर्भवती महिला की मौत- फोटो : news4nation

Arrah mobile dispute: आरा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां रील्स देखने के लिए मोबाइल नहीं मिलने पर एक गर्भवती महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह घटना नगर थाना क्षेत्र के उजियार टोला स्थित बिंद टोली मोहल्ले की है। मृत महिला की पहचान पटना जिले के महीनावां गांव निवासी 22 साल की पार्वती देवी के रूप में हुई है। वह अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है।

महिला के पति गोविंद महतो ने बताया कि वह गुजरात के राजकोट में एक लोहे की कंपनी में मजदूरी करता है। 30 अप्रैल को वह अपनी भांजी की शादी में शामिल होने के लिए परिवार के साथ गांव आया था। शादी के बाद पत्नी की इच्छा पर वह बच्चों के साथ ससुराल में ही रुक गया था।

पार्वती ने जहर खा लिया

पति के अनुसार, शुक्रवार सुबह पार्वती ने उनसे मोबाइल मांगा ताकि वह रील्स देख सके, लेकिन उन्होंने मोबाइल देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर वह घर से बाहर निकल गया। कुछ देर बाद ससुराल वालों ने फोन कर बताया कि पार्वती ने जहर खा लिया है। इसके बाद वह तुरंत घर पहुंचा और परिवार की मदद से उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लेकर गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मोबाइल को लेकर बहस हुई

इस घटना के बाद एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पति-पत्नी के बीच मोबाइल को लेकर बहस होती दिखाई दे रही है। वीडियो में महिला मोबाइल को पकड़कर बैठी नजर आ रही है और दोनों के बीच तीखी बहस हो रही है। बताया जा रहा है कि झगड़े के दौरान महिला काफी गुस्से में थी और पति जब वीडियो बना रहा था तो उसने मोबाइल छीनने की कोशिश भी की थी। मृतका के छोटे भाई धन्नु ने पति पर मारपीट का आरोप लगाया है। उसने कहा कि सुबह से ही दोनों के बीच मोबाइल को लेकर झगड़ा चल रहा था और जीजा ने उसकी बहन के साथ मारपीट भी की थी। परिवार के लोगों ने दोनों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।

घर में रखा जहर खा लिया

भाई ने बताया कि पार्वती ने पहले अपने पति को साइकिल खरीदने के लिए एक हजार रुपये दिए थे। जब पति ने मोबाइल देने से इनकार कर दिया तो उसने अपने पैसे वापस मांगे ताकि वह खुद मोबाइल खरीद सके। इसी बात से वह और नाराज हो गई थी। परिवार के अनुसार, झगड़े के कुछ देर बाद घर के लोग बाहर चले गए। इसी दौरान पार्वती ने घर में रखा जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।

भोजपुर आरा से आशीष की रिपोर्ट