Ara Tanishq robbery case: आरा तनिष्क लूट कांड में बड़ा एक्शन, फरार 7वां आरोपी रांची से पकड़ा गया
Ara Tanishq robbery case: आरा तनिष्क लूट कांड में फरार 7वां आरोपी सौरभ तिवारी रांची से गिरफ्तार हो चुका है। ये मामला 10.50 करोड़ की लूट का है।
Ara Tanishq robbery case: आरा में हुए चर्चित तनिष्क ज्वेलर्स लूट कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे सातवें आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। इस आरोपी की पहचान सौरभ तिवारी उर्फ बाबा के रूप में हुई है। उसे रांची से STF और भोजपुर पुलिस की टीम ने मिलकर पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार, सौरभ तिवारी इस लूट कांड में शामिल सातवां अपराधी था। घटना के दिन वह हेलमेट पहनकर शोरूम में घुसा था और लूटे गए सोने के जेवरात लेकर फरार हो गया था। वह पिछले एक साल से पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रांची में जाल बिछाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। इस बारे में जानकारी राज कुमार शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
10 मार्च 2025 का मामला
यह पूरा मामला 10 मार्च 2025 का है, जब तनिष्क के शोरूम में दिनदहाड़े 7 हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल दिया था। इस दौरान करीब 10.50 करोड़ रुपये के जेवरात लूट लिए गए थे। इस केस में अब तक 6 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि सौरभ तिवारी फरार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, उसके पास से पहले 750 ग्राम सोना बरामद किया गया था, जबकि बाकी सोना अन्य आरोपियों ने गलाकर बेच दिया था। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने इस बड़े लूट कांड के सभी आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है।
आरा से आशीष की रिपोर्ट