Bihar News: आरा-पटना हाईवे पर चक्का जाम, सांसद सुदामा प्रसाद के नेतृत्व में उतरे माले कार्यकर्ता; सड़क-पुल की मांग
Bihar News: सड़क और पुलिया निर्माण समेत विभिन्न मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर भाकपा-माले के नेतृत्व में आरा-पटना हाईवे पर चक्का जाम किया गया।
Bihar News: आरा शहर में सड़क और पुलिया निर्माण समेत विभिन्न मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर मंगलवार की सुबह भाकपा-माले के नेतृत्व में आरा-पटना हाईवे पर चक्का जाम किया गया। भोजपुर सांसद सुदामा प्रसाद के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पटेल बस स्टैंड के समीप सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और सरकार-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन सुबह करीब आठ बजे शुरू हुआ। कार्यकर्ताओं के सड़क पर उतरने के बाद आरा-पटना हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में फंसे यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने लाल झंडे लेकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में पटेल बस स्टैंड से शिवगंज तक सड़क का निर्माण और जीर्णोद्धार, श्रीटोला-बहीरो नहर पर पुल का निर्माण तथा पटेल बस स्टैंड में सफाई, पेयजल समेत यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना शामिल रहा।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि पटेल बस स्टैंड शहर का प्रमुख यात्री केंद्र है, लेकिन इसके बावजूद यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। बस स्टैंड में साफ-सफाई और पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से यात्री सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की।
इसके अलावा बस स्टैंड से शिवगंज तक सड़क निर्माण को भी प्रदर्शनकारियों ने अहम मुद्दा बताया। उनका कहना है कि सड़क की स्थिति में सुधार होने से शहर के लोगों और रोजाना आवागमन करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। वहीं श्रीटोला-बहीरो नहर पर पुल निर्माण को लेकर भी लंबे समय से मांग किए जाने की बात कही गई। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक पुल बनने से आसपास के लोगों के आवागमन में सहूलियत होगी और उन्हें वैकल्पिक रास्तों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
चक्का जाम के कारण हाईवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। सड़क पर प्रदर्शन के चलते कई वाहन जाम में फंसे रहे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया और संबंधित योजनाओं को जल्द पूरा कराने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान सांसद सुदामा प्रसाद समेत भाकपा-माले के कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। आंदोलन के जरिए पार्टी ने सड़क, पुल और यात्री सुविधाओं से जुड़े स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
रिपोर्ट- आशीष कुमार